टाटा हैरियर (Tata Harrier) के इंटीरियर को ब्लू और व्हाइट टोन में मॉडिफाई किया गया है, जबकि टाटा हैरियर ब्लैक और ब्राउन इंटीरियर थीम के साथ आती है
टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी टाटा हैरियर (Tata Harrier) के बीएस6 वर्जन को ऑटो एक्सपो 2020 में फीचर्स और पावर में कई अपग्रेड के साथ पेश किया था और इसका इंटीरियर अपने सेगमेंट में अन्य कॉम्पिटेटर के मुकाबले बेहतर है। इस फ्लैगशिप क्रॉसओवर का डैशबोर्ड बहुत अच्छा है और कलर स्कीम व क्वालिटी उत्कृष्ट लेवल की है।
कहने का अर्थ है कि टाटा मोटर्स ने हैरियर के इंटीरियर को शानदार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है और यह 8.8-इंच के टचस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम, इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में 7.0-इंच का मल्टी-इनफार्मेशन डिस्प्ले, साउंड सिस्टम, लैदर अपहोल्स्ट्री, रिवर्स कैमरा, ऑटोमैटिक हैडलाइट और वाइपर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल, कूल्ड कम्पार्टमेंट, रियर पैसेंजर के मोबाइल को रखने के लिए स्टोरेज स्पेस जैसे कम्फर्ट, एंटरटेनमेंट जैसे कई फीचर्स से लैस है।
इन सबके विपरीत हाल ही में टाटा हैरियर के मॉडिफाइड वर्जन को देखा गया है, जिसके ज्यादातर अपडेट इंटीरियर में हैं। दरअसल हैरियर में इंटीरियर को ब्लू और व्हाइट टोन में मॉडिफाई किया गया है जबकि यह ब्लैक और ब्राउन इंटीरियर थीम के साथ आती है।

यह मॉडिफिकेशन नोएडा के रोडस्टर गुरु द्वारा की गई है और मोडिफाई हैरियर में कई जगह ब्लू और व्हाइट टोन का इस्तेमाल किया गया है। डैश बोर्ड को ब्लैक, ब्लू और व्हाइट टोन के साथ देखा जा सकता है। इतना ही नहीं स्टीयरिंग पर ब्लैक के साथ ब्लू टोन दिया गया है जो इसे काफी बोल्ड लुक देता है।
कार में सफेद रंग का सीट कवर लगाया गया है जिसमे ब्लैक बॉर्डर लाइनिंग दी गई है, पीछे की सीटों में भी सामने की तरह ही कवर लगाए गए हैं। इसके साथ ही कार के अंदर पहले से दिए जाने वाले ब्लैक डोर पैनल को बदलकर व्हाइट डोर पैनल लगाया गया है, हैंडल में ब्लू टोन दिया गया है। बाहर की तरफ, SUV को फ्रंट बम्पर पर एक कस्टम क्लैडिंग मिलती है और पीछे की तरफ एग्जॉस्ट टिप्स के साथ व्हाइट डिफ्यूज़र हैं।

टाटा हैरियर में उपर्युक्त अपडेट के अलावा इंजन में कोई अपडेट नहीं किया है और 2.0-लीटर वाले डीजल इंजन के साथ है, जो अब 170 एचपी की पावर और 350 एनएम का टॉर्क डेवलप करता है। कंपनी कार के साथ एक नया 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का भी ऑप्शन दे रही है, जबकि कंपनी हैरियर के लिए एक नए 1.5-लीटर रेवोट्रॉन टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल यूनिट को विकसित कर रही है, जो कि 150 hp की पावर और 250 Nm का टार्क जेनरेट कर सकता है।
हाल ही में टाटा हैरियर पेट्रोल वेरिएंट को टेस्टिंग के दौरान भी देखा गया है और आने वाले महीनों में पेश किए जाने की उम्मीद है। नए वेरिएंट को एमजी हेक्टर (MG Hector) के पेट्रोल वर्जन के मुकाबले पेश किया जाएगा। टाटा जल्द ही टाटा हैरियर पर बेस्ड एक नई कार टाटा ग्रेविटास (Tata Gravitas) को भी लॉन्च करने जा रही है, जिसका मुकाबला एमजी हेक्टर प्लस (MG Hector Plus) से होगा।








