500 किमी की रेंज के साथ लॉन्च होगी Tata Harrier EV, मिलेगा AWD विकल्प

टाटा मोटर्स मार्च 2025 से पहले भारतीय बाजार में Harrier EV को लॉन्च करेगी और यह 500 किमी की रेंज देने में सक्षम होगी

टाटा मोटर्स ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में Sierra के साथ Harrier EV को शोकेस किया था। टाटा सिएरा को भारत में इस साल इलेक्ट्रिक वर्जन के साथ पेट्रोल-डीजल में भी लॉन्च किया जाना है। वहीं टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी को मार्च 2025 से पहले लॉन्च किया जाना है और इसकी पुष्टि पहले कंपनी ने की थी। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में 500 किमी की रेंज मिलने की उम्मीद है।

हालांकि अभी तक कंपनी ने इसकी मोटर और बैटरी का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि इसमें 75 Kwh बैटरी पैक होगा। टाटा Harrier EV में वाहन-से-लोड (V2L) और वाहन-से-वाहन (V2V) जैसी तकनीक शामिल होंगी। टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमतें 23 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास शुरू हो सकती हैं।

डिज़ाइन की बात करें तो यह हैरियर डीज़ल के अनुरूप है, हालांकि इसमें कुछ ईवी विशिस्ट बदलाव किए गए हैं। इसमें शट-ऑफ फ्रंट ग्रिल, सिल्वर रंग की निचली ग्रिल, एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स के साथ संशोधित हेडलैंप, सामने के दरवाजों पर एक “.ev” बैज, 19 इंच के एयरो अलॉय व्हील, थोड़ा अपडेटेड एलईडी टेल लैंप शामिल हैं।

Tata-Harrier-EV-3

इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में ऑल व्हील ड्राइव विकल्प भी मिलेगा, जिसमे प्रत्येक एक्सल पर एक मोटर लगी होगी, जो कि 500 एनएम का टॉर्क देने में सक्षम होगा। टाटा हैरियर ईवी को एम्पावर्ड ग्रेड में लॉन्च करने की उम्मीद है, जो ट्विन इलेक्ट्रिक मोटर्स से लैस होगा। जेन 2 आर्किटेक्चर पर निर्मित, हैरियर ईवी आईसीई मॉडल में पाए जाने वाले ओमेगा आर्क प्लेटफॉर्म के अपडेटेड वर्जन का उपयोग करता है।

फीचर्स की बात करें तो हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी में ICE मॉडल के समान फीचर्स होंगे, जिनमें लेवल 2 ADAS, बड़ा इंफोटेनमेंट, 360 डिग्री कैमरा, वेन्टीलेटेड सीट्स, पैनोरैमिक सनरूफ, ड्राइव मोड्स आदि शामिल होंगे। बढ़ते मिडसाइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में यह हाल ही में लॉन्च हुई महिंद्रा XEV 9e, नई प्रदर्शित मारुति सुजुकी ई-विटारा, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और टोयोटा अर्बन क्रूजर EV जैसे आगामी मॉडलों के साथ मुकाबला करेगी।

Harrier EV

उम्मीद है कि घरेलू निर्माता हैरियर ईवी को दो बैटरी विकल्पों में पेश करेगी और इसके बाद टाटा सिएरा और अविन्या की शुरुआत होगी।