Tata Harrier EV भारतीय बाजार में कल होगी लॉन्च, नए टीज़र में रेंज का हुआ खुलासा

टाटा मोटर्स ने नए टीज़र में Harrier EV को पहाड़ों पर चढ़ने का प्रयास करते हुए दिखाया है

टाटा मोटर्स की ऑल-इलेक्ट्रिक एसयूवी हैरियर आखिरखार भारत में लॉन्च होने के लिए तैयार है। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में इसे सिएरा के साथ शोकेस किया था। वहीं अब टाटा मोटर्स ने इसके टीज़र की शुरुआत कर दी है और नए टीज़र में इसे पहाड़ों पर चढ़ने का प्रयास करते हुए दिखाया है, जो इसकी परफॉरमेंस और ऑफ-रोड कैपिबिलिटी को उजागर करता है।

टाटा हैरियर EV को कल दोपहर 2 बजे भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। अब तक के टीज़र में कुछ उल्लेखनीय विवरण दिए गए हैं, जिसमें रॉक क्रॉल, स्नो और सैंड जैसे टेरेन मोड की मौजूदगी शामिल है, जो इसकी ऑफ-रोड क्षमताओं का समर्थन करेंगे क्योंकि 5-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी डुअल मोटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ आएगी।

इसके अलावा, टीज़र में ऑफ-रोड क्रूज़ कंट्रोल और 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी दिखाया गया है। चूँकि इसमें ICE Harrier के साथ बहुत कुछ समान होगा, इसलिए इंटीरियर में वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto कनेक्टिविटी के साथ 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और EV-विशिष्ट ग्राफ़िकल अपडेट के साथ 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल शामिल होगा।

आप टीज़र में देख सकते हैं कि हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी की बैटरी 80 परसेंट पर 550 किमी की रेंज दिखा रही है, इस तरह इसकी रेंज फुल चार्ज पर 600 किमी के आसपास होगी और यह डीसी फ़ास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। इसके अलावा, यह अपनी व्यावहारिकता को और बढ़ाने के लिए V2V और V2L फ़ंक्शन को सपोर्ट करेगी। इससे पहले, टाटा ने खुलासा किया था कि पीक टॉर्क आउटपुट लगभग 500 एनएम का होगा।

टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिफाइड हैरियर दो बैटरी विकल्पों में उपलब्ध हो सकती है। आगामी एसयूवी टाटा की जनरेशन 2 ईवी आर्किटेक्चर पर बनाई गई है। सेफ्टी फीचर्स में 7 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, लेवल 2 ADAS आदि शामिल होगा। इसके अलावा टीज़र में कंपनी ने ट्रांसपेरेंट मोड भी दिखाया है।

Tata Harrier EV 1

हैरियर ईवी के लॉन्च के बाद इस वित्त वर्ष के अंत से पहले नई पीढ़ी की सिएरा को ICE और इलेक्ट्रिक रूप में लॉन्च किया जाएगा, वहीं अगले 2 सालों में अधिक प्रीमियम अविन्या सीरीज़ भी लॉन्च होगी।