भारत में टाटा की इलेक्ट्रिक कारों का जलवा, महज 5 साल में 2.5 लाख यूनिट्स बिकीं

Tata Nexon EV

टाटा मोटर्स ने पुष्टि की है कि साल 2026 में कंपनी भारत में सिएरा ईवी, नई पंच ईवी और अविन्या रेंज की प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करेगी

टाटा मोटर्स ने भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यात्रा में एक अहम मुकाम हासिल किया है। देश की सड़कों पर अब 2.5 लाख से ज्यादा TATA.ev वाहन चल रहे हैं, जिससे इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में टाटा की अग्रणी और मार्केट लीडर की स्थिति और मजबूत हो गई है। पांच साल पहले शुरू हुई टाटा की इलेक्ट्रिक व्हीकल यात्रा आज 1,000 से ज्यादा शहरों और कस्बों तक पहुंच चुकी है।

कंपनी के अनुसार, करीब 84 प्रतिशत ग्राहक अपनी टाटा ईवी को रोज़मर्रा की मुख्य गाड़ी के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं, जो उपभोक्ताओं की सोच में आए बड़े बदलाव को दिखाता है। औसतन टाटा ईवी मालिक हर साल करीब 20,000 किलोमीटर ड्राइव कर रहे हैं और लगभग 26,000 गाड़ियां 1 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं। लंबी दूरी की यात्राएं भी आम हो गई हैं, जहाँ करीब आधे ग्राहकों ने 500 किलोमीटर से ज्यादा की कम से कम एक यात्रा पूरी की है।

अब तक टाटा की इलेक्ट्रिक गाड़ियां देशभर में कुल मिलाकर करीब 12 अरब किलोमीटर चल चुकी हैं। पर्यावरण के लिहाज से भी इसका बड़ा असर देखने को मिला है, क्योंकि इन ईवी की वजह से लगभग 17 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम हुआ है और करीब 80 करोड़ लीटर ईंधन की बचत हुई है।

Punch EV

इस सफलता में टाटा नेक्सन ईवी की अहम भूमिका रही है, जिसे 2020 में भारत की पहली मेनस्ट्रीम इलेक्ट्रिक एसयूवी के रूप में पेश किया गया था और यह 1 लाख से ज्यादा बिक्री का आंकड़ा पार करने वाली देश की पहली ईवी बन चुकी है। इसके अलावा टियागो ईवी, पंच ईवी, कर्व ईवी और हाल ही में लॉन्च हुई हैरियर ईवी के साथ टाटा के पास इस समय सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक कार पोर्टफोलियो है।

टाटा की ईवी ग्रोथ के पीछे चार्जिंग और सर्विस नेटवर्क का भी बड़ा योगदान है। ग्राहकों को अब घर, कम्युनिटी और पब्लिक चार्जिंग मिलाकर 2 लाख से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स की सुविधा मिल रही है। कंपनी के पास 20,000 से ज्यादा पब्लिक चार्जर्स को जोड़ने वाला चार्जिंग एग्रीगेटर है और देशभर के प्रमुख रूट्स पर 120 kW से ज्यादा क्षमता वाले 100 मेगा चार्जिंग हब भी काम कर रहे हैं। इसके साथ ही 1,500 से ज्यादा ईवी-डेडिकेटेड सर्विस बे और 5,000 से अधिक प्रशिक्षित तकनीशियन तैयार किए गए हैं।

Tata Harrier EV (3)

आगे की योजना की बात करें तो टाटा मोटर्स 2026 में सिएरा ईवी और नई पंच ईवी लॉन्च करेगी, जबकि साल के अंत तक प्रीमियम अविन्या ईवी रेंज भी बाजार में उतारी जाएगी। कंपनी का लक्ष्य FY30 तक पांच नई ईवी नेमप्लेट्स पेश करने का है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी तेजी से बढ़ाया जाएगा, जहां 2027 तक 4 लाख चार्ज पॉइंट्स और 2030 तक 10 लाख चार्ज पॉइंट्स तक पहुंचने की योजना है।

इन उपलब्धियों पर बात करते हुए टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्र ने कहा कि “2.5 लाख इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री यह दिखाती है कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अब तेजी से भारतीयों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन रही है। उन्होंने बताया कि ग्राहक अब अपनी ईवी को ज्यादा चला रहे हैं, लंबी यात्राएं कर रहे हैं और इन्हें अपनी मुख्य गाड़ी के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। शैलेश चंद्र के मुताबिक, 2018 में शुरू हुई टाटा की ईवी यात्रा का मकसद सिर्फ आगे निकलना नहीं था, बल्कि भारत को स्वच्छ और टिकाऊ मोबिलिटी की ओर ले जाने के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना था।”