
टाटा मोटर्स इस महीने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों पर 3 लाख रुपये तक की छूट दे रही है, हालांकि कुछ नए मॉडल पर डिस्काउंट नहीं दिया जा रहा है
भारत में इलेक्ट्रिक कारों की सबसे बड़ी रेंज पेश करने वाली कंपनी टाटा मोटर्स इस महीने अपनी EV लाइनअप पर आकर्षक ऑफर्स दे रही है। कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों पर मॉडल के अनुसार 50,000 रुपये से लेकर 3.35 लाख रुपये तक की बचत की जा सकती है। यह ऑफर टियागो ईवी, पंच ईवी, नेक्सॉन ईवी, कर्व ईवी और हैरियर ईवी जैसी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कारों पर उपलब्ध हैं।
सबसे पहले बात करें टाटा टियागो ईवी की तो हाल ही में फेसलिफ्ट लॉन्च होने के बाद कंपनी के पास पुराने मॉडल का स्टॉक मौजूद है। प्री-फेसलिफ्ट Tiago ईवी पर ग्राहकों को 65,000 रुपये से लेकर 1.45 लाख रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है। वहीं लॉन्ग रेंज XT वेरिएंट पर 1.45 लाख रुपये की छूट के साथ अतिरिक्त 50,000 रुपये का लाभ भी दिया जा रहा है।
वहीं अन्य लॉन्ग रेंज वेरिएंट्स पर 1.25 लाख रुपये तक की बचत की जा सकती है। Medium Range वेरिएंट पर अधिकतम 65,000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। डीलरशिप पर फरवरी में फेसलिफ्ट मिलने से पहले वाली पंच ईवी का भी स्टॉक मौजूद है। कंपनी इस मॉडल पर 95,000 रुपये से लेकर 1.45 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दे रही है।

लॉन्ग रेंज वेरिएंट पर सबसे ज्यादा 1.45 लाख रुपये तक का लाभ उपलब्ध है। वहीं Medium Range वेरिएंट पर 1.25 लाख रुपये तक और Smart ट्रिम पर 95,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। भारत की सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUVs में से एक टाटा नेक्सॉन ईवी पर इस महीने 50,000 रुपये तक का लाभ दिया जा रहा है।
इसमें 15,000 रुपये का ग्रीन बोनस और 25,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस या 35,000 रुपये का स्क्रैपेज बोनस शामिल है। सबसे ज्यादा फायदा टाटा कर्व ईवी पर मिल रहा है। इस एसयूवी कूपे पर ग्राहकों को 3.35 लाख रुपये तक की बचत का मौका मिल रहा है। इसमें 3 लाख रुपये का ग्रीन बोनस और 30,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस या 35,000 रुपये का स्क्रैपेज बोनस शामिल है।

लाइनअप की सबसे महंगी इलेक्ट्रिक एसयूवी टाटा Harrier ईवी पर भी आकर्षक ऑफर्स दिए जा रहे हैं। इस मॉडल पर कुल 2.75 लाख रुपये तक का लाभ मिल सकता है। इसमें 50,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस, 75,000 रुपये का स्क्रैपेज बोनस, 1 लाख रुपये का लॉयल्टी बोनस और 1 लाख रुपये का अतिरिक्त लाभ शामिल है।