
टाटा की आने वाली प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी Avinya X को भारत में पहली बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और इसके 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है
टाटा अविन्या को कंपनी ने पहली बार 2022 में कॉन्सेप्ट के रूप में पेश किया था और तब से अब तक केवल इसके कॉन्सेप्ट मॉडल ही देखने को मिले थे। अब पहली बार इसका प्रोडक्शन-रेडी मॉडल भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। माना जा रहा है कि इसे Avinya X नाम से लॉन्च किया जाएगा और यह 2027 में भारत में दस्तक दे सकती है। टेस्टिंग के दौरान नजर आया मॉडल पूरी तरह से ढका हुआ था, इसलिए इसके डिजाइन की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
हालांकि, इसके आकार और अनुपात से संकेत मिलते हैं कि प्रोडक्शन मॉडल काफी हद तक Avinya X कॉन्सेप्ट जैसा ही दिखेगा। इसमें लंबा व्हीलबेस, लो रूफलाइन और फास्टबैक स्टाइल डिजाइन देखने को मिल सकता है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल में कॉन्सेप्ट के कुछ एक्सट्रीम डिजाइन एलिमेंट्स को सरल बनाया जा सकता है, लेकिन यह टाटा की मौजूदा इलेक्ट्रिक कारों की तुलना में ज्यादा प्रीमियम नजर आएगी।

Avinya X के साथ टाटा मोटर्स अपनी इलेक्ट्रिक वाहन रणनीति में भी बड़ा बदलाव करने जा रही है। शुरुआत में इसे JLR के EMA प्लेटफॉर्म पर विकसित करने की योजना थी, लेकिन अब रिपोर्ट्स के अनुसार यह Chery-JLR द्वारा विकसित Freelander प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। भारतीय बाजार के अनुसार टाटा इसमें अपने इलेक्ट्रॉनिक्स और सॉफ्टवेयर में बदलाव करेगी। इसका निर्माण तमिलनाडु के पनापक्कम स्थित नए प्लांट में किया जाएगा।
बैटरी और पावरट्रेन की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 75 kWh से 95 kWh तक का बड़ा बैटरी पैक मिल सकता है। एक बार फुल चार्ज होने पर इसकी रेंज 600 से 700 किमी तक हो सकती है। इसके टॉप वेरिएंट में डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम मिलने की उम्मीद है, जिसकी पावर 300 से 400 PS तक हो सकती है।
इंटीरियर की बात करें तो Avinya X में टाटा की किसी भी मौजूदा कार से ज्यादा प्रीमियम केबिन मिलने की संभावना है। इस एसयूवी में बड़ा टचस्क्रीन, सिंपल डैशबोर्ड, खुला और ज्यादा स्पेस वाला केबिन तथा आरामदायक सीटें देखने को मिल सकती हैं। डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म की वजह से केबिन स्पेस भी बेहतर होगा। इसके अलावा कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और कई आधुनिक फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।

टाटा की लाइनअप में Avinya X, Safari EV और Harrier EV से ऊपर पोजिशन की जाएगी। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला BYD Sealion 7, Kia EV6 और Hyundai IONIQ 5 जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUVs से होगा। टाटा मोटर्स के लिए यह एक बेहद महत्वपूर्ण मॉडल साबित हो सकता है। कंपनी फिलहाल मास-मार्केट EV सेगमेंट में मजबूत पकड़ बना चुकी है, लेकिन Avinya X के जरिए वह पहली बार प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में अपनी ताकत आजमाएगी। अब देखना होगा कि बिक्री और आफ्टर-सेल्स सर्विस के मामले में यह ग्राहकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है।