Tata और Mahindra अगले 4-7 महीनों में भारतीय बाजार में 6 नई SUVs लॉन्च करेंगे, जिनमें इलेक्ट्रिक मॉडल भी शामिल हैं
टाटा मोटर्स और महिंद्रा भारतीय बाजार में एसयूवी सेगमेंट में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सेदारी रखते हैं। जहाँ महिंद्रा के पास भारत के सभी ओईएम में सबसे बड़ा एसयूवी पोर्टफोलियो है, जिसमें तीन इलेक्ट्रिक वाहनों सहित कुल 12 मॉडल हैं, वहीं टाटा मोटर्स देश में 7 एसयूवी बेचती है, जिनमें तीन पूरी तरह से इलेक्ट्रिक मॉडल शामिल हैं। आने वाले महीनों में दोनों निर्माता मिलकर इंडियन मार्केट में 6 नई एसयूवी लॉन्च करेंगी।
1&2. Tata Harrier और Safari Petrol
टाटा मोटर्स नवंबर 2025 में भारतीय बाजार में हैरियर और सफारी को पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च करेगी। दोनों एसयूवी में 1.5 लीटर 4-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन होगा, जो 166 बीएचपी की अधिकतम पावर और 280 एनएम का अधिकतम टॉर्क देता है। इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इसमें 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन भी दिया जाएगा।

इससे पहले, कंपनी ने जनवरी 2026 में पेट्रोल इंजन वाली हैरियर और सफारी लॉन्च करने की योजना बनाई थी। हालांकि, सूत्रों से पता चला है कि दिवाली के त्योहारी सीजन का फायदा उठाने के लिए टाटा ने लॉन्च को जल्दी करने का फैसला किया है। डिज़ाइन और फीचर्स में बदलाव की उम्मीद नहीं है।
3&4. Tata Sierra EV और ICE मॉडल
टाटा सिएरा को इस साल की शुरुआत में 2025 भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में प्री-प्रोडक्शन फॉर्म में पेश किया गया था। उस समय ये घोषणा की गई थी कि 90 के दशक की यह दिग्गज एसयूवी ICE और EV, दोनों अवतारों में वापसी करेगी। अब ये पता चला है कि टाटा सिएरा ईवी को इस एसयूवी के ICE-पावर्ड वर्जन से पहले लॉन्च किया जाएगा। भारतीय बाजार में इसकी बिक्री अप्रैल 2026 से पहले शुरू होने की संभावना है।

सिएरा ईवी में ज्यादातर फीचर्स और बैटरी पैक हैरियर ईवी से लिए जाएंगे। इसे 65 kWh और 75 kWh की बैटरी के साथ पेश किया जा सकता है, जो पूरी तरह चार्ज होने पर अधिकतम 600+ किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज प्रदान करेगी। ICE मॉडल में भी हैरियर और सफारी वाले 1.5L टर्बो पेट्रोल और 2.0L डीजल इंजन दिए जाएंगे।
5. Mahindra XEV 7e

महिंद्रा XEV 7e भारतीय बाजार में 2025 के अंत तक बिक्री के लिए उपलब्ध हो सकती है। XEV 9e का थ्री रो वेरिएंट प्रीमियम फीचर्स से भरपूर होगा। हालांकि, इसकी स्टाइलिंग XEV 9e और BE 6 जैसी नहीं होगी। INGLO प्लेटफॉर्म पर आधारित ब्रांड की तीसरी बोर्न-इलेक्ट्रिक SUV होने के नाते, XEV 7e सीधे तौर पर Kia Carens Clavis EV को टक्कर देगी, क्योंकि ये भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध एकमात्र मास-मार्केट 7-सीटर EV है। इसमें XEV 9e वाला ही बैटरी पैक होगा।
6. Mahindra XUV7OO Facelift

XUV7OO फेसलिफ्ट भारतीय बाजार में 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च होगी। इसकी स्टाइलिंग BE 6 और XEV 9e से इंस्पायर्ड होगी और केबिन में कई एडवांस फीचर्स होंगे। इसे 2.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल और 2.2 लीटर टर्बो-डीजल इंजन समान पावर और टॉर्क के साथ बरकरार रखे जाने की संभावना है। आंतरिक रूप से W616 कोडनेम वाली ये कार 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ आएगी।