टाटा अल्ट्रोज (Tata Altroz) का एक्सटी (XT) वेरिएंट इस हैचबैक का मिड वैरिएंट है, जो कि टॉप वैरिएंट एक्सजेड (XZ) से नीचे है
टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने इस साल की शुरूआत में अपनी प्रीमियम हैचबैक टाटा अल्ट्रोज (Tata Altroz) को लॉन्च किया था और अब कंपनी ने इस हैचबैक में XT वैरिएंट में एक नया फीचर जोड़ दिया है, जिसके कारण यह कार अब पहले से ज्यादा बेहतर हो गयी है। यह खास फीचर होने के बावजूद भी कंपनी ने कार की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है।
दरअसल टाटा मोटर्स ने अल्ट्रोज के एक्सटी (XT) वैरिएंट में एसी कंट्रोल को मैन्युअल से अपग्रेड करके पूरी तरह से ऑटोमेटिक कर दिया है और साथ में यह सिस्टम पूरी तरह से वॉइस कमांडेड हो गया है। अल्ट्रोज का एक्सटी वैरिएंट कार के टॉप वैरिएंट एक्सजेड से नीचे है।
ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल के अलावा इस वेरिएंट के साथ एलईडी डीआरएल, टिल्ट एडजेस्टेबल मल्टी फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, क्रूज़ कंट्रोल, अन्ड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ 7 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, की लेस एंट्री, पुश बटन स्टार्ट-स्टॉप, इलेक्ट्रिक एडजेस्टेबल विंग मिरर आदि हैं।

हालांकि एक्सटी वेरिएंट में टॉप वैरिएंट एक्सजेड की तरह 16 इंच का डायमंड-कट एलॉय व्हील, ऑटोमेटिक हेडलैंप, रियर वॉश और वाइपर, हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, फ्रंट और रियर सीट आर्मरेस्ट, वन टच अप-डाउन ड्राइवर पावर विंडो और सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल नहीं हैं। लेकिन नया फीचर जुड़ने के कारण अब ग्राहकों के लिए और आकर्षक पैकेज बन गया है। टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने अपनी इस प्रीमियम हैचबैक को अल्फा आर्किटेक्चर पर डेवलप किया है, जो कि कार को एनर्जी अब्जॉर्बिंग बॉडी प्रदान करता है और यह सुरक्षित होने के साथ कई प्रीमियम इक्वीपमेंट से लैस है। इस कार के दरवाजे 90 डिग्री पर खुलते हैं, जो इसकी सबसे बड़ी खासियत में से एक है।
पावर देने के लिए टाटा अल्ट्रोज (Tata Altroz) में पेट्रोल और डीजल दो इंजन ऑप्शन का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें 1.2 लीटर पेट्रोल यूनिट 85 BHP की पावर और 114 NM का टार्क जेनरेट करता है, जबकि 1.5-लीटर डीजल यूनिट 90 बीएचपी की पॉवर तथा 200 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन 5 स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स के साथ है और ऑटोमेटिक का विकल्प नहीं है।

हालांकि कंपनी आने वाले दिनों में अल्ट्रोज (Tata Altroz) को ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ पेश कर सकती है, जबकि इसके टर्बो पेट्रोल इंजन की टेस्टिंग भी जारी है। कीमत की बात करे तो अल्ट्रोज एक्सटी के पेट्रोल वैरिएंट की कीमत 6.84 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जबकि डीजल वैरिएंट की कीमत 8.44 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
बता दें कि टाटा मोटर्स ने टाटा अल्ट्रोज को कुल मिलाकर 11 वेरिएंट में पेश किया है, जिसमें डीजल और पेट्रोल ऑप्शन दोनों हैं। ग्राहक अट्रोज को XE, XE RHYTM, XM, XM STYLE, XM RHYTM, XM RHYTM + STYLE, XT, XT LUXE, XZ, XZ OPTIONAL और XZ URBAN वेरिएंट में खरीद सकते हैं, जिसकी कीमत वेरिएंट के हिसाब से 5.29 लाख रूपए से लेकर 9.34 लाख (शोरूम) रूपए तक है।