टाटा अल्ट्रोज टर्बो पेट्रोल भारत में जल्द लॉन्च होने वाली है और यह 110 PS की पावर जेनरेट करेगी और इसे भविष्य में ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प भी मिल सकता है
टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने इस साल की शुरूआत में अपनी प्रीमियम हैचबैक टाटा अल्ट्रोज (Tata Altroz) को लॉन्च किया था और यह मार्केट में जल्द ही अपना स्थान बनाने में कामयाब रही है। हालांकि अभी इस कार का टर्बो-पेट्रोल वेरिएंट को पेश नहीं किया गया है, जो कि 2019 जिनेवा मोटर शो में प्रदर्शित किया गया था। अब, ऐसा लगता है कि इंतजार खत्म होने वाला है
एक अंग्रेजी वेबसाइट के हवाले से टाटा ने टर्बोचार्ज्ड अल्ट्रोज को RTO में पंजीकृत कर दिया है और यह और भी ज्यादा पावर प्रदान करेगा। इसके पहले लॉन्च के वक्त अल्ट्रोज़ को 1.2-लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिला था, जो कि 83 PS की पावर और 113Nm का टॉर्क देता है।
बाद में टाटा ने अल्ट्रोज को 1.5-लीटर डीजल यूनिट के साथ भी पेश किया जो कि 90 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। दोनों इंजन मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ है और ऑटोमेटिक का विकल्प नहीं है, जबकि हाल ही में दिए गए RTO एप्लिकेशन के आधार पर यह बात की पुष्टि हो रही है कि Altroz Turbo में 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया जाएगा जो 110 PS के आउटपुट के लिए ट्यून किया गया है, जो कि प्री-प्रोडक्शन वर्जन के मुकाबले 8 PS अधिक है।

इस इंजन को निकट भविष्य में दोहरे क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किए जाने की संभावना है। हालांकि टॉर्क आउटपुट के बारे में अभी कोई पूष्टि नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि यह जेनेवा मॉडल के 140 Nm टॉर्क से अधिक होगा। इस तरह 110 PS की पावर पर Altroz Turbo इस हैचबैक का सबसे शक्तिशाली अवतार होगा और पावर आउटपुट के मामले में फॉक्सवैगन पोलो TSI के बराबर होगा।
इसके अलावा नई जेनरेशन हुंडई i20 भी इस लिस्ट में शामिल हो सकती है, जिसे वेन्यू का 120 PS, 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। अपने माडर्न डिजाइन के कारण अल्ट्रोज़ पहले से ही लोकप्रिय है, लेकिन शक्तिशाली इंजन इसकी अपील को और भी व्यापक करेगा। नया टर्बो-पेट्रोल वेरिएंट दिवाली 2020 तक लॉन्च किया जा सकता है।
पिछले स्पाई शॉट्स के मुताबिक अल्ट्रोज़ टर्बो को एक नया ब्लू कलर विकल्प मिल सकता है। फिलहाल वर्तमान में टाटा अल्ट्रोज़ की कीमत 5.44 लाख रुपये से लेकर 9.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच है। भारत में इस कार का मुकाबला मारूति बलेनो (Maruti Suzuki Baleno), होंडा जैज (Honda Jazz), हुंडई एलिट आई20 (Hyundai Elite i20), फॉक्सवैगन पोलो (Volkswagen Polo) और टोयोटा ग्लैंजा (Toyota Glanza) से है।