टाटा अल्ट्रोज ईवी में IP67 रेटेड डस्ट और वाटरप्रूफ बैटरी का इस्तेमाल किया जा सकता है, जो कि 300 किमी तक की रेंज दे सकती है
टाटा मोटर्स (Tata Motors) भारत में इलेक्ट्रिक कारों को लेकर काफी गंभीर है और कंपनी ने साल की शुरूआत में अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी टाटा नेक्सन के आल इलेक्र्टिक एडिशन को भारत में लॉन्च किया था। अब कंपनी भारत में अपनी प्रीमियम हैचबैक टाटा अल्ट्रोज के आल इलेक्र्ट्रिक एडिशन (Tata Altroz EV) को भी लॉन्च करने की योजना बना रही है।
अगर भारत में टाटा अल्ट्रोज ईवी लॉन्च होती है तो यह टिगोर ईवी (Tigor) और नेक्सन ईवी (Nexon) के साथ कंपनी की तीसरी इलेक्ट्रिक कार होगी और इसकी रेंज एक बार चार्ज होने पर करीब 300 किमी हो सकती है। कंपनी ने साल की शुरूआत में टाटा अल्ट्रोज को भारत में लॉन्च किया था और इसे जबरदस्त लोकप्रियता मिली है।
टाटा मोटर्स भारत में टाटा अल्ट्रोज ईवी के साथ एक बड़े खरीददार वर्ग को लुभाना चाहती है। इसके पहले कंपनी ने अल्ट्रोज़ के इलेक्ट्रिक वर्जन को साल 2019 के जिनेवा मोटर शो में पेश किया था और अगर यह भारत में लॉन्च होती है तो कंपनी की पहली प्रीमियम इलेक्ट्रिक हैचबैक भी होगी।

नई टाटा अल्ट्रोज ईवी में रेग्यूलर मॉडल के सभी फीचर्स को लिया जाएगा, जबकि इसका डिजाइन भी रेग्यूलर मॉडल की तरह होगा। हालांकि इसके ईवी कैरेक्टर को बढ़ाने के लिए कार में कुछ बदलाव अवश्य किए जा सकते हैं, जो कि इसके लुक को शानदार बनाएंगे।
टाटा अल्ट्रोज ईवी में IP67 रेटेड डस्ट और वाटरप्रूफ बैटरी का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि यह फास्ट चार्जिंग क्षमता के साथ लगभग 300 किमी तक की रेंज देने में सक्षम होगी। वर्तमान में मौजूद नेक्सन ईवी सिंगल चार्ज में करीब 312 किमी की रेंज देती है। अल्ट्रोज ईवी टाटा की ज़िपट्रॉन इलेक्ट्रिक तकनीक पर बेस्ड दूसरी कार होगी।

कीमत की बात करें तो अल्ट्रोज के इलेक्ट्रिक वर्जन की शुरुआती कीमत 10 से 12 लाख रुपये से शुरू हो सकती है। हालांकि टाटा अल्ट्रोज के रेग्यूलर वर्जन की कीमत वर्तमान में 5.44 लाख रुपये से शुरू है। भारत में इस कार का मुकाबला मारूति सुजुकी बलेनो, होंडा जैज (Honda Jazz) और फॉक्सवैगन पोलो (Volkswagen Polo) जैसी कारों से हैं।