टाटा अल्ट्रोज़ सीएनजी अगले महीने भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी और इसकी प्रमुख विशेषताओं में से एक दोहरी सीएनजी टैंक प्रणाली की उपलब्धता होगी
टाटा मोटर्स ने जनवरी में आयोजित हुए 2023 ऑटो एक्सपो में अल्ट्रोज़ सीएनजी और पंच सीएनजी का खुलासा किया था। टाटा अल्ट्रोज़ भारत में अगले महीने बिक्री पर उपलब्ध होगी, जबकि टाटा पंच सीएनजी इस साल के अंत तक आ जाएगी। घरेलू ऑटो कंपनी नेक्सन, हैरियर और सफारी के लिए भी फेसलिफ्ट तैयार कर रही है। तीनों को इस साल नई स्टाइलिंग और अपडेटेड इंटीरियर्स के साथ लॉन्च किए जाने की संभावना है।
बूटलिड पर आई-सीएनजी बैजिंग को छोड़कर, अल्ट्रोज़ सीएनजी में नियमित मॉडल की तुलना में कोई बड़ा बाहरी बदलाव नहीं मिलता है। वर्तमान में मारुति सुजुकी बलेनो और हुंडई i20 के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने वाली प्रीमियम हैचबैक की कीमत एंट्री-लेवल ट्रिम के लिए 6.45 लाख रूपए है और यह टॉप-स्पेक मॉडल के लिए 10.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। ।
हम उम्मीद कर सकते हैं कि टाटा अल्ट्रोज़ सीएनजी एक विस्तृत रेंज में उपलब्ध होगी और संबंधित नियमित पेट्रोल वेरिएंट की तुलना में कीमतें लगभग 1 लाख रूपए तक बढ़ सकती हैं। इसे बलेनो के बेस सीएनजी वेरिएंट के मुकाबले प्रतिस्पर्धात्मक रूप से रखा जा सकता है, जिसकी कीमत डेल्टा वैरिएंट के लिए 8.35 लाख रूपए और टॉप-स्पेक जेटा के लिए 9.28 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) है।

सुविधाओं की सूची में 16-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील, एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट, प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, सी-पिलर्स पर लगे रियर डोर हैंडल, इंटीग्रेटेड स्पॉइलर, कई तत्वों में चमकदार ब्लैक फिनिश, टू-टोन सीट अपहोल्स्ट्री, सिल्वर फिनिश के साथ लेयर्ड डैशबोर्ड आदि शामिल होंगे। ऑटो एक्सपो में दिखाए गए प्रोटोटाइप में एक इलेक्ट्रिक सनरूफ भी थी और इसे प्रोडक्शन मॉडल में भी पेश किया जा सकता है।
टाटा अल्ट्रोज़ अपने नियमित 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन में 85 एचपी की पावर और 113 न्यूटन मीटर के टॉर्क का उत्पादन करती है, जबकि सीएनजी मोड में यह इंजन 76 एचपी की पावर और 97 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करेगा और यह 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जुड़ा हुआ है। इसकी प्रमुख विशेषताओं में से एक दोहरी सीएनजी टैंक प्रणाली की उपलब्धता होगी।

यह एक दूसरे के समानांतर (प्रत्येक 30L क्षमता का) व्यवस्थित है और इस प्रकार इसमें बूटस्पेस से समझौता नहीं करना पड़ेगा। यह सीएनजी रेंज में सिंगल ईसीयू, मॉड्यूलर फ्यूल फिल्टर, एक माइक्रो स्विच, फायर प्रोटेक्शन डिवाइस और सीएनजी मोड में डायरेक्ट स्टार्ट के साथ आती है।