Suzuki भारत में 2 अप्रैल को लॉन्च करेगी नया टू-व्हीलर, क्या होगा नया Burgman?

नए जनरेशन सुजुकी बर्गमैन स्ट्रीट में नया लुक, नए फीचर्स और इंजन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं

सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया 2 अप्रैल 2026 को भारत में एक नया टू-व्हीलर लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए “Block Your Date” इनवाइट्स भेजे हैं और साथ में एक टीज़र इमेज भी जारी की है, जिसमें स्प्लिट हेडलैंप सेटअप नज़र आ रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस नए मॉडल का नाम आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह अगली जनरेशन का सुजुकी बर्गमैन स्ट्रीट हो सकता है, जिसे पिछले साल भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नई जनरेशन Burgman में पिछले साल लॉन्च हुए Suzuki Access 125 जैसे अपडेट्स मिल सकते हैं। यह स्कूटर 2018 में लॉन्च हुआ था और पिछले आठ सालों से बाजार में मौजूद है। इसके बाद 2022 में कंपनी ने Street EX वर्जन पेश किया था, जिसमें 12-इंच का बड़ा रियर व्हील दिया गया था, लेकिन इसका डिजाइन और लेआउट लगभग वही था।

अब टीज़र इमेज से संकेत मिलता है कि नई Burgman में स्प्लिट हेडलैंप मिलेगा, जो ग्लोबल मार्केट में बिकने वाले बर्गमैन 200 और 400 से प्रेरित होगा। हेडलाइट के अलावा इस स्कूटर में डिजाइन और मैकेनिकल दोनों स्तर पर कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, क्योंकि यह पूरी तरह से नया जनरेशन मॉडल होगा।

next-gen-Suzuki-Burgman-Street-Teased-India-1

जानकारी के लिए बता दें कि नई जनरेशन Access 125 में कंपनी ने नया चेसिस दिया था, जिससे पुराने मॉडल की एग्जॉस्ट से जुड़ी समस्याओं को दूर किया गया। इसके साथ ही इसमें नया इंजन भी दिया गया था, जिसमें कैमशाफ्ट, क्रैंकशाफ्ट और क्रैंककेस जैसे कई नए पार्ट्स शामिल थे। हालांकि, इसका बोर और स्ट्रोक पहले जैसा ही रखा गया था, जिसके चलते पावर और टॉर्क में कोई बदलाव नहीं हुआ था।

इसी तरह, नई जनरेशन Burgman में भी स्टाइलिंग अपडेट्स के साथ इंजन और चेसिस में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल मौजूदा बर्गमैन की कीमत 93,676 रुपये से 1.08 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है, जबकि नया मॉडल आधुनिक फीचर्स, नए डिजाइन और अपडेटेड इंजन के कारण थोड़ा महंगा हो सकता है।

2026 Suzuki Burgman (1)

सुजुकी बर्गमैन स्ट्रीट भारत में सबसे लोकप्रिय मैक्सी-स्टाइल स्कूटर्स में से एक है और यह अक्सर बिक्री के लिहाज से टॉप 10 स्कूटर्स की सूची में शामिल रहता है। इसकी हर महीने औसतन 20,000 से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री होती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला TVS Ntorq 125 और Yamaha Ray ZR से होता है।