सुजुकी यू: मैन कॉन्सेप्ट एक फ्यूचरिस्टिक हाइब्रिड 4×4 एसयूवी की काल्पनिक तस्वीर है, जिसे आईईडी ट्यूरिन के चार ऑटोमोटिव डिजाइन छात्रों द्वारा बनाया गया है
सुजुकी जिम्नी (Suzuki Jimny) वैश्विक तौर पर बेची जाने वाली एक लोकप्रिय ऑफरोडर एसयूवी है। इस एसयूवी के छोटे डाइमेंशन, लाइट बॉडी और सस्ती कीमत के लिए कंपनी को धन्यवाद दिया जा सकता है। इस कार को सबसे पहली बार साल 70 के दशक में लॉन्च किया गया था और अब यह एसयूवी अपने चौथे जेनरेशन में है।
इन वर्षों में जिम्नी में कई बदलाव देखे गए है और हाल ही इसके हाइब्रिड एडिशन का एक रेंडर इमेज सामने आया है, जिसे ट्यूरिन के Raffaele Anile, Nicolo Bettinelli, Fiorenzo Fiorentino और Fabrizio Luciano नाम के छात्रों के एक समूह ने तैयार किय़ा है और इसे सुजुकी यूःमैन (Suzuki U:man) का नाम दिया है। इस काल्पनिक तस्वीर से हमें इस कार के संभावित डिजाइन के बारे में पता चलता है।
सुजुकी यू: मैन की इस तस्वीर के लिए छात्रों ने सुजुकी जिम्नी का इस्तेमाल किया है, जो कि कुछ हद तक विटारा ब्रेजा से भी प्रेरित है। इस तस्वीर में न केवल एसयूवी की ऑफरोडिंग विशेषताओं को ध्यान में रखा गया है, बल्कि एक टफ एसयूवी की स्टाइलिंग एलिमेंट पर भी जोर दिया गया है।

यूःमैन की तस्वीर को फ्यूचरिस्टिक-दिखने वाली 2-डोर एसयूवी के रूप में तैयार किया गया है और फ्रंट में फ्रंट ग्रिल के बजाय स्पोर्ट्स हेडलाइट डिस्प्ले दिया गया है। कार का फेसिया काफी मस्क्यूलर दिखता है, जबकि सबसे नीचे एक बड़ी बैश प्लेट है। प्रोफाइल पर ध्यान दिया जाने वाला 6-स्पोक अलॉय व्हील्स है।
कार में ओआरवीएम की बजाय़ कैमरों की एक जोड़ी मिलती है और डोर्स अतिरिक्त स्टाइल के लिए फ्रेम रहित होते हैं। रियर में कई एलईडी स्ट्रिप्स को टेललाइट के रूप में काम करते हुए देखा जा सकता है और टेलगेट पर ‘सुजुकी’ का बैज है। रियर बम्पर को भी सामने की तरह एक प्रमुख बैश प्लेट मिलती है।

एसयूवी कॉन्सेप्ट में ग्रीनहाउस स्पेस का भी ज्यादा ध्यान रखा गया है और इसे कांच का रूफ दिया गया है। इसके अलावा जिम्नी के ओवरआल सिल्हूट को बरकरार रखा गया है, जबकि इंटीरियर काफी फ्यूचरिस्टिक दिखता है। डैशबोर्ड सिम्पल है और ड्राइवर और सामने वाले यात्री के लिए कई स्क्रीन हैं। स्टीयरिंग व्हील एक फ्लैट-बॉटम दो-स्पोक यूनिट है, जिसमें स्टीयरिंग कॉलम से जुड़ा एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल है।
एसयूवी में चार सीटें, दो आगे की पंक्ति और दो पीछे की ओर हैं। सभी चारों सीटें व्यक्तिगत तौर पर कैप्टन सीटें हैं और आगे की सीटों के साथ सेंटर में आर्मरेस्ट मिलता है। रियर में सामान के लिए भी थोड़ा स्पेस मिल जाता है। जैसा कि हमने पहले ही बताया यह एक काल्पनिक तस्वीर है। इसलिए पावरट्रेन की जानकारी नहीं है, लेकिन डिजाइनरों ने इसे हाइब्रिड पावरट्रेन के लिए तैयार किया है। कार में वायरलेस फोन चार्जर, यूएसबी पोर्ट और कई कनेक्टिविटी विकल्पों के साथ, ड्राइविंग असिस्ट के लिए AI-सहायक सेंसर भी है।







