
नई Jeep SUV का निर्माण महाराष्ट्र के रंजनगांव प्लांट में किया जाएगा, जहाँ Tata और Stellantis पहले से अपने लंबे समय से चल रहे जॉइंट वेंचर के तहत साथ काम कर रहे हैं
Stellantis की भविष्य की योजनाओं में एक नई जीप SUV शामिल है, जिसे भारत में विकसित किया जाएगा और दुनिया के कई देशों में एक्सपोर्ट किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें टाटा मोटर्स की भी बड़ी भूमिका होगी। नई SUV का उत्पादन महाराष्ट्र के रंजनगांव प्लांट में किया जाएगा, जहां टाटा मोटर्स और Stellantis पहले से अपने जॉइंट वेंचर के तहत काम कर रहे हैं।
कंपास और मेरीडियन की तरह यह SUV पहले भारत में लॉन्च होकर बाद में एक्सपोर्ट नहीं की जाएगी, बल्कि इसे शुरुआत से ही एक ग्लोबल प्रोडक्ट के तौर पर तैयार किया जा रहा है। भारत इस प्रोजेक्ट का मुख्य डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग हब होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले वर्षों में इसकी सालाना एक्सपोर्ट संख्या करीब 1 लाख यूनिट तक पहुंच सकती है।
यह प्रोजेक्ट टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और Stellantis के बीच इस साल हुए नए समझौते का हिस्सा है। दोनों कंपनियां अब इंजीनियरिंग, पार्ट्स सोर्सिंग और गाड़ियों के निर्माण में मिलकर ज्यादा काम करेंगी। टाटा और Stellantis करीब 20 साल से साथ काम कर रहे हैं, लेकिन अब उनकी साझेदारी सिर्फ इंजन बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नई गाड़ियों के डेवलपमेंट में भी दोनों साथ काम करेंगे।

फिलहाल रंजनगांव प्लांट में जीप कंपास और जीप मेरीडियन का उत्पादन होता है। यहां 2.0-लीटर टर्बो डीजल इंजन भी बनाया जाता है, जो MG Hector, Tata Harrier और Tata Safari में इस्तेमाल होता है। भविष्य में दोनों कंपनियों के बीच पार्ट्स शेयरिंग, लोकलाइजेशन सपोर्ट और प्लेटफॉर्म लेवल पर भी सहयोग बढ़ सकता है।
हालांकि नई जीप SUV के तकनीकी विवरण अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन माना जा रहा है कि यह कॉम्पैक्ट SUV या मिडसाइज SUV सेगमेंट में आ सकती है। अगर ऐसा होता है तो इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, टोयोटा Hyryder, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टाटा नैक्सॉन, आने वाली Renault Bridger और Mahindra XUV 3XO जैसी गाड़ियों से हो सकता है।

भारत में Jeep की मौजूदा गाड़ियां प्रीमियम सेगमेंट में आती हैं और इसी वजह से उनकी बिक्री सीमित रही है। लेकिन अगर यह नई SUV ज्यादा लोकलाइजेशन के साथ आती है तो इसकी कीमत ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकती है और एक्सपोर्ट के लिए भी यह फायदेमंद साबित होगी। Stellantis दुनियाभर में हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों पर बड़ा निवेश कर रही है। ऐसे में भारत में विकसित होने वाली यह नई जीप SUV भविष्य में इलेक्ट्रिफाइड पावरट्रेन के साथ भी आ सकती है।