सॉलिस 4215 ई – पढ़ें सारी जानकारी इस ट्रैक्टर के बारे में

solis 4215e

सॉलिस 4215 ई को पावर देने के लिए 3-सिलेंडर डीजल इंजन मिला है, जो कि 43 एचपी की पावर और 196 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है

सॉलिस ट्रैक्टर मूलरूप से प्रमुख घरेलू ट्रैक्टर निर्माता कंपनी सोनालिका इंटरनेशनल ट्रैक्टर लिमिटेड का फ्लैगशिप ब्रांड है और हाईटेक टेक फीचर्स व टेक्नोलॉजी से लैस है। कंपनी ने इन ट्रैक्टरों को जापान की यनमार एग्रीबिजनेस की साझेदारी में विकसित किया है और सॉलिस ब्रांड केवल भारत में ही नहीं बल्कि यूरोप के टॉप 5 ट्रैक्टर ब्रांडों में से एक है।

कंपनी भारत में सॉलिस ब्रांड के तहत ई, एस और एसएन के साथ तीन सीरीज में ट्रैक्टरों की बिक्री करती है, जिसकी रेंज में 27 एचपी से लेकर 60 एचपी तक के कुल 6 ट्रैक्टर शामिल हैं। सॉलिस ट्रैक्टर की कीमत 5.23 लाख रुपए से शुरू होकर 8.70 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है। हम आपको यहाँ ई सीरीज के अंतर्गत आने वाले सॉलिस 4215 ई के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कि 43 एचपी की पावर उत्पन करता है।

सॉलिस 4215 ई का आकार और वेट लिफ्टिंग कैपेबिलिटी

सॉलिस 4215 खरीददारों के लिए 2 व्हील ड्राइव सिस्टम और 4 व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ उपलब्ध है। इसलिए दोनों रेंज के ट्रेक्टर का वजन, लंबाई व व्हीलबेस अलग-अलग है। 4 व्हील ड्राइव सिस्टम वाले सॉलिस 4215 ई का कुल वजन 2,280 किलो और व्हील बेस 2,080 मिमी का है। इसकी लंबाई 3,610 मिमी और चौड़ाई 1,840 मिमी है। दूसरी ओर 2 व्हील ड्राइव सिस्टम वाले ट्रैक्टर का कुल वजन 2,070 किलो है। इसकी कुल लंबाई 3,620 मिमी और चौड़ाई 1,800 मिमी की है। इसका व्हीलबेस 1,970 मिमी का है, जबकि इसकी हाइड्रोलिक क्षमता 1,800-2,000 किलो तक की है।

solis 4215E-2

सॉलिस 4215 ई के टायर

सॉलिस 4215 ई बेहद मजबूत व सुंदर डिजाइन के साथ आता है और इसकी बेहतर स्थिरता अन्य ट्रैक्टर ब्रांड के मुकाबले बेहतर मानी जाती है। 2 व्हील ड्राइव सिस्टम वाले ट्रैक्टर के फ्रंट टायर का रेसियो 8.0×18 है और 4 व्हील ड्राइव सिस्टम वाले ट्रैक्टर के फ्रंट टायर का रेसियो 6.0×16 है। हालांकि रियर टायर की बात करें तो दोनों का रेसियो 13.6×28 का है। इस ट्रैक्टर को पावर स्टीयरिंग के साथ पेश किया जाता है।

सॉलिस 4215 ई की इंजन पावर और परफार्मेंस

सॉलिस 4215 ई को पावर देने के लिए 3-सिलेंडर डीजल इंजन मिला है, जो कि 43 एचपी की पावर और 196 न्यूटन मीटर  का टॉर्क उत्पन करता है। यह इंजन 10 फॉरवर्ड+5 रिवर्स गियर के साथ आता है, जिससे यह ट्रैक्टर अपने सेगमेंट का सबसे सक्षम ट्रैक्टर बन जाता है। इस ट्रैक्टर की अधिकतम स्पीड 37.02 (फारवर्ड) और 12.02 (रिवर्स) किमी प्रति घंटे की है।

solis 4215E 1

सॉलिस 4215 ई में 55 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है, जो कि ट्रैक्टर को लंबे समय तक बिना रूके कार्य करने में सक्षम बनाता है। सॉलिस 4215 ई में ड्राई टाइप क्लच है। इसमें मल्टी डिस्क ब्रेक लगाए हैं, जो कार्य के दौरान ज्यादा पकड़ और कम फिसलन प्रदान करता है। ई सीरीज ट्रैक्टर कल्टीवेटर, रोटावेटर और हार्वेस्टर सहित कई कृषि उपकरणों को खींच और नियंत्रित कर सकते हैं।

सॉलिस 4215 ई की माइलेज

हालांकि सॉलिस 4215 ई का माइलेज उपलब्ध नहीं है, लेकिन सॉलिस का दावा है कि 4215 ई एक मल्टीपरपज ट्रैक्टर है और इसका माइलेज हर तरह के कार्य में काफी किफायती है।

सॉलिस 4215 ई की कीमत

भारत में सॉलिस 4215 ई की कीमत 6.55 लाख रूपए से लेकर 6.75 लाख (एक्स-शोरूम) रुपए तक है।