स्कोडा मार्च में नई Kushaq को लॉन्च करेगी, जिसके बाद साल के अंत तक 3 और कारें पेश की जाएंगी
स्कोडा ने इस साल के लिए अपना प्रोडक्ट रोडमैप पहले ही साफ कर दिया है, जिसमें अलग-अलग सेगमेंट में चार अहम मॉडलों के लॉन्च की पुष्टि की गई है। इस लाइन-अप में मार्च में Kushaq फेसलिफ्ट की कीमतों का ऐलान, दूसरी तिमाही (Q2) में हाई-परफॉर्मेंस Kodiaq RS, तीसरी तिमाही (Q3) में स्पोर्टी Kylaq Sportline+ और साल के आखिर में चौथी तिमाही (Q4) में Octavia RS शामिल हैं।
कंपनी ने कुछ दिन पहले ही Kushaq फेसलिफ्ट का खुलासा किया है। अपडेटेड मिडसाइज़ SUV में बड़ा विज़ुअल बदलाव देखने को मिलता है। इसमें नया फ्रंट बंपर, सेगमेंटेड LED एलिमेंट्स से लैस नया ग्रिल (जो Kodiaq से प्रेरित है) और अपडेटेड हेडलैंप्स दिए गए हैं। साइड प्रोफाइल को नए डिज़ाइन वाले 17-इंच अलॉय व्हील्स से और बेहतर बनाया गया है।
पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललैंप्स के साथ लाइट बार और नया टेलगेट दिया गया है। इंटीरियर में भी बड़े अपग्रेड किए गए हैं। 2026 Kushaq में सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाज फंक्शन, पैनोरैमिक सनरूफ, फुल LED केबिन लाइटिंग, फ्रंट पार्किंग सेंसर्स, पीछे की तरफ इल्यूमिनेटेड Skoda लेटरिंग, सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स, लेदरेट अपहोल्स्ट्री और वेंटिलेटेड व इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स दी गई हैं।

इसके अलावा इसमें 10.25-इंच का बड़ा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 10-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और छह एयरबैग्स स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं। इंजन विकल्प में 1.0-लीटर और 1.5-लीटर TSI पेट्रोल इंजन शामिल है, जिन्हें 6-स्पीड मैनुअल, 7-स्पीड DSG और नए 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है।
Skoda की 2026 योजना का एक और बड़ा आकर्षण है Kodiaq RS, जो दूसरी तिमाही में लॉन्च होगी। यह परफॉर्मेंस-फोकस्ड SUV स्टैंडर्ड Kodiaq के 2.0-लीटर TSI इंजन के अपग्रेडेड वर्जन के साथ आएगी, जो 261 बीएचपी की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स के साथ यह SUV सिर्फ 6.3 सेकंड में 0–100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। RS पैकेज में रेड एक्सेंट्स, ग्लॉसी ब्लैक एक्सटीरियर डिटेलिंग, रेड स्टिचिंग के साथ ब्लैक इंटीरियर, स्पोर्टी पैडल्स जैसे खास एलिमेंट्स शामिल हैं।

भारत-स्पेक Kodiaq RS को CKD (कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन) यूनिट के रूप में लाए जाने की उम्मीद है। तीसरी तिमाही में स्कोडा अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी Kylaq Sportline+ पेश करेगी, जो मौजूदा मॉडल का ज्यादा स्पोर्टी वर्जन होगा। इसमें वही 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 115 पीएस की पावर और 178 Nm का टॉर्क देता है, लेकिन इसका फोकस एक्सटीरियर और इंटीरियर में स्पोर्टी लुक पर होगा।
Skoda Octavia RS पहले ही भारत में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर चुकी है। 2025 में सीमित संख्या में लाई गई इस कार की सिर्फ 100 यूनिट्स कुछ ही मिनटों में बिक गई थीं। शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए स्कोडा ने अब पुष्टि की है कि 2026 के अंत में Octavia RS का एक और बैच भारत में लाएगी।