स्कोडा ऑक्टेविया को 2.0-लीटर चार-सिलेंडर टीएसआई पेट्रोल इंजन मिला है, जो कि 187 बीएचपी की पावर और 320 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है
स्कोडा ऑटो इंडिया भारत में अपनी लक्जरी कारों की पेशकश के लिए जानी जाती है। वर्तमान में यह कंपनी भारत में स्कोडा कुशाक, स्कोडा रैपिड, स्कोडा सुपर्ब और स्कोडा ऑक्टेविया की बिक्री करती है। हाल ही मे स्कोडा ने भारत में ऑक्टेविया के नए जेनरेशन को लॉन्च किया है और पिछले महीने ही स्कोडा कुशाक को भी लॉन्च किया गया है।
स्कोडा ऑक्टेविया मूलरूप से डी सेगमेंट में आने वाली एक लक्जरी सेडान है, जिसे स्टाइल और एलएंडके (लॉरिन एंड क्लेमेंट) के साथ दो वेरिएंट में बेचा जाता है, जो कि एक मेड इन इंडिया प्रोडक्ट है, जिसका कंपनी के औरंगाबाद प्लांट में उत्पादन किया जाता है। स्कोडा ऑक्टेविया की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके डिजाइन मे क्लासिकल और मॉडर्न दोनों का मिला-जुला कॉम्बिनेशन देखा जा सकता है।
स्कोडा ऑक्टेविया का आकार और फीचर्स

स्कोडा ऑक्टेविया के आकार की बात करें तो यह 4,689 मिमी लंबी, 1,829 मिमी चौड़ी और 1,469 मिमी ऊंची है। इसका बूट स्पेस 600 लीटर का है, जबकि व्हीलबेस 2,680 मिमी का है। स्टाइल वेरिएंट का कुल वजन 1,430 किलो और एलएंडके वेरिएंट का वजन 1,459 किलो है। ऑक्टेविया में 50 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है और यह लावा ब्लू, मैजिक ब्लैक, कैंडी व्हाइट, ब्रिलियंट सिल्वर और मेपल ब्राउन के साथ पाँच कलर विकल्प में उपलब्ध है।

फीचर्स में ऑक्टेविया सेडान को पैडल शिफ्टर्स और स्क्रोलर के साथ नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट के साथ वायरलेस चार्जिंग पैड, लैदर सीट्स, वायरलेस स्मार्टलिंक के साथ 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, शिफ्ट-बाय-वायर टेक्नोलॉजी, ऑटो होल्ड के साथ ईपीबी (इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक), डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड टेलगेट, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीटें, 10.25-इंच का वर्चुअल कॉकपिट (डिजिटल क्लस्टर), 12-स्पीकर केंटन ऑडियो सिस्टम और एंबिएंट लाइट आदि मिलते हैं।
स्कोडा ऑक्टेविया के टायर और सेफ्टी
स्कोडा ऑक्टेविया को 17-इंच के अल़ॉय़ व्हील्स दिए गए हैं। सेफ्टी फीचर्स में इसे आठ एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग, एडेप्टिव फ्रंट लाइटिंग सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक-फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन, मल्टी-कोलिजन ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, मैकेनिकल ब्रेक असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक, एंटी-स्लिप रेगुलेशन, हाइड्रोलिक ब्रेक असिस्ट आदि मिलते हैं।
स्कोडा ऑक्टेविया की इंजन पावर और परफार्मेंस
स्कोडा ऑक्टेविया को पावर देने के लिए 2.0-लीटर चार-सिलेंडर टीएसआई पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 4180-6000 आरपीएम पर 187 बीएचपी की अधिकतम पावर और 1500-3990 आरपीएम पर 320 न्यूटन मीटर का अधिकतम टॉर्क विकसित करता है। यह इंजन सात-स्पीड डीएसजी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जुड़ा है। ऑक्टेविया की अधिकतम स्पीड 200 किमी प्रति घंटा से लेकर 210 किमी प्रति घंटा तक की है।
स्कोडा ऑक्टेविया का माइलेज
स्कोडा ऑटो इंडिया का दावा है कि नई जेनरेशन स्कोडा ऑक्टेविया 15.81 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है।

स्कोडा ऑक्टेविया की कीमत और प्रतिद्वंदी
भारत में स्कोडा ऑक्टेविया को स्टाइल और एलएंडके (लॉरिन एंड क्लेमेंट) के साथ दो वेरिएंट में बेचा जाता है, जिसकी कीमत क्रमशः 25.99 लाख रूपए और 28.99 लाख रूपए (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम) तय की गई है। भारत की सड़कों पर स्कोडा ऑक्टेविया का मुकाबला हुंडई एलांट्रा से है, जिसकी कीमत 17.85 लाख रूपए से लेकर 21.12 लाख रूपए तक जाती है।