
Skoda Kylaq के नए Sportline वेरिएंट में ज्यादा स्पोर्टी और आकर्षक एक्सटीरियर डिजाइन देखने को मिलेगा
स्कोडा इस फेस्टिव सीजन में Kylaq एसयूवी की रेंज को और मजबूत करने जा रही है। कंपनी जल्द ही इसका नया Sportline वेरिएंट लॉन्च कर सकती है, जिसकी पुष्टि इस साल की शुरुआत में की जा चुकी है। स्कोडा Kylaq पहले ही कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण मॉडल बन चुकी है और नया Sportline वेरिएंट इसमें ज्यादा स्पोर्टी लुक जोड़ने का काम करेगा।
उम्मीद है कि यह वेरिएंट मिड-स्पेक और टॉप Prestige ट्रिम्स के बीच में पोजिशन किया जाएगा। नई Kylaq Sportline में मुख्य रूप से डिजाइन से जुड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इसमें ब्लैक-फिनिश अलॉय व्हील्स, डार्क एक्सटीरियर एलिमेंट्स, ब्लैक एक्सेंट्स और Sportline बैजिंग दी जा सकती है, जिससे यह रेगुलर मॉडल से अलग नजर आएगी।
इसी तरह का Sportline ट्रीटमेंट Skoda की Kushaq और Slavia में भी देखने को मिलता है। हालांकि, इस वेरिएंट में मैकेनिकल बदलाव की संभावना नहीं है। इंजन की बात करें तो Skoda Kylaq Sportline में वही 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 115 एचपी की पावर और 178 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प के साथ उपलब्ध रहेगा।

हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी फेसलिफ्टेड Kushaq में मिलने वाले नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स को भी पेश कर सकती है। Kylaq Volkswagen Group के MQB A0 IN प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिस पर Kushaq, Slavia, Taigun और Virtus भी बनी हैं। फीचर्स के मामले में Sportline वेरिएंट को मौजूदा हाई-स्पेक वेरिएंट्स के समान रखा जा सकता है।
इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, क्रूज़ कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल होल्ड असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और रियर पार्किंग असिस्ट जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं।

फिलहाल स्कोडा Kylaq की कीमत 7.50 लाख रुपये से 12.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है और यह Classic, Classic+, Signature, Signature+, Prestige और Prestige+ वेरिएंट्स में उपलब्ध है। नई Kylaq Sportline की कीमत और अन्य डिटेल्स लॉन्च के करीब आने पर सामने आ जाएंगी।