भारत में Skoda Kylaq का उत्पादन एक साल में 50,000 यूनिट के पार

Skoda Kylaq कॉम्पैक्ट एसयूवी MQB A0 IN प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसमें 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है

स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने Skoda Kylaq की 50,000 यूनिट का उत्पादन पूरा करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दिसंबर 2024 में लॉन्च होने के बाद महज एक साल से थोड़े अधिक समय में यह माइलस्टोन हासिल किया गया है। Kylaq का निर्माण पुणे के पास चाकण स्थित ग्रुप के प्लांट में किया जा रहा है और यह ब्रांड के लिए एक अहम मॉडल बनकर उभरी है। 2025 में कंपनी की 36 प्रतिशत सालाना ग्रोथ में भी इस एसयूवी की बड़ी भूमिका रही है।

स्कोडा की पहली कॉम्पैक्ट एसयूवी के रूप में Kylaq ने मास-मार्केट एसयूवी सेगमेंट में ब्रांड की पहुंच को काफी बढ़ाया है। इस मॉडल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने चाकण प्लांट की उत्पादन क्षमता को 30 प्रतिशत तक बढ़ाया है। इसके साथ ही घरेलू सप्लायर्स के साथ साझेदारी को मजबूत किया गया है, जिससे स्थानीयकरण का स्तर काफी बेहतर हो गया है।

लॉन्च के कुछ ही दिनों के भीतर Kylaq को 10,000 से ज्यादा बुकिंग्स मिल गई थीं, जिसके चलते भारी मांग के कारण दिसंबर में बेस वेरिएंट की बुकिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। जनवरी में बुकिंग दोबारा शुरू की गई और कंपनी ने पहले 33,333 ग्राहकों के लिए फ्री तीन साल का स्टैंडर्ड मेंटेनेंस पैकेज भी ऑफर किया था।

skoda kylaq1

MQB A0 IN प्लेटफॉर्म पर आधारित Skoda Kylaq में 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। यह SUV पांच कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है और इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 6 एयरबैग्स, लेदरेट अपहोल्स्ट्री और 6-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

हाल ही में स्कोडा ने Kylaq के Classic+ और Prestige+ वेरिएंट्स लॉन्च किए हैं। Classic+ एंट्री-लेवल ऑप्शन है, जबकि Prestige+ वेरिएंट में अतिरिक्त फीचर्स और टेक्नोलॉजी मिलती है। इसी बीच स्कोडा Kushaq को हाल ही में फेसलिफ्ट मिला है और आने वाले महीनों में Volkswagen Taigun फेसलिफ्ट के भी लॉन्च होने की उम्मीद है।

Skoda Kylaq Compact SUV
Pic Source: AbhinAv Mangulkar

कंपनी मार्च में Kushaq फेसलिफ्ट की कीमतों का खुलासा करेगी। इसके अलावा, Kodiaq RS को इस साल की दूसरी तिमाही में लॉन्च करने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि Kylaq Sportline+ तीसरी तिमाही में और Octavia RS का अगला बैच साल के अंत तक भारतीय बाजार में दस्तक देगा।