2022 स्कोडा कोडियाक फेसलिफ्ट भारत में हुई लॉन्च, कीमत 34.99 लाख रुपए से शुरू

स्कोडा कोडियाक फेसलिफ्ट को एक्सटीरियर और इंटीरियर में कुछ बदलाव के साथ-साथ कुछ नए फीचर्स भी मिले हैं और यह एक नए 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित है

स्कोडा ऑटो इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी कोडियाक फेसलिफ्ट एसयूवी को लॉन्च कर दिया है। यह 7-सीटर एसयूवी खरीददारों के लिए स्टाइल, स्पोर्टलाइन और एलएंडके के साथ तीन वेरिएंट में उपलब्ध है, जिनकी कीमत क्रमशः 34.99 लाख रुपए, 35.99 लाख रूपए और 37.49 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, भारत) रखी गई है।

स्कोडा कोडियाक की बुकिंग इसकी लॉन्च के साथ ही शुरू हो गई है और कंपनी कुछ ही दिनों में इसकी डिलीवरी शुरू करने वाली है। बता दें कि स्कोडा ने कोडियाक को अप्रैल 2020 में देश में बीएस6 मानकों के लागू होने के बाद बंद कर दिया गया था, लेकिन अब यह दो साल बाद बाजार में डीजल इंजन के साथ नहीं, बल्कि एक नए पेट्रोल इंजन के साथ वापसी कर रही है।

स्कोडा ने पिछले साल अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कोडियाक को मिड-लाइफ फेसलिफ्ट दिया था और उसके कई बदलाव इंडियन स्पेक मॉडल को भी मिल रहे हैं। कोडियाक के प्रमुख बदलावों में नई ग्रिल, ऊंचा बोनट, नए एलईडी डेटाइम रनिंग लैंप सिग्नेचर के साथ अपग्रेड हेडलाइट्स और फ्रंट बम्पर शामिल है।Skoda Kodiaq faceliftहालाँकि प्रोफाइल में नए अलॉय व्हील्स डिज़ाइन को छोड़कर कोडियाक में अन्य कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि रियर में टेललाइट्स और बम्पर को थोड़ा अपडेट किया गया है। इंटीरियर की बात करें तो इसका मूल लेआउट और डैशबोर्ड प्री-फेसलिफ्ट मॉडल के समान है। हालाँकि यहां सबसे उल्लेखनीय अपडेट स्कोडा के नए टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील को शामिल करना है।

यह यूनिट सुपर्ब, ऑक्टेविया और कुशाक सहित सभी स्कोडा मॉडल पर देखा गया है, जबकि फीचर्स के रूप में इसे 8.0-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ नेविगेशन और वायरलेस स्मार्टलिंक, 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, थ्री-ज़ोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरैमिक सनरूफ, हैंड्स-फ्री पार्किंग, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, मेमोरी फंक्शन के साथ इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, वर्चुअल पेडल के साथ इलेक्ट्रिक टेलगेट, नौ एयरबैग आदि मिल रहे हैं।Skoda Kodiaq facelift-4

स्केडा कोडियाक फेसलिफ्ट को पावर देने के लिए 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो कि ऑक्टेविया और सुपर्ब में भी ड्यूटी करता है। यह इंजन 190 बीएचपी की पावर और 320 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। इंजन को 7-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है और सभी वेरिएंट्स में ऑल-व्हील ड्राइव स्टैण्डर्ड है। भारत में कोडियाक के प्रतिद्वंदी की बात करें तो बाजार में इसका मुकाबला हाल ही में लॉन्च हुई फॉक्सवैगन टिगुआन फेसलिफ्ट, हुंडई टक्सन और सिट्रोएन सी5 एयरक्रॉस शामिल है।