Simple Ultra इलेक्ट्रिक स्कूटर में 6.5 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है और यह 115 किमी/घंटा की टॉप स्पीड हासिल कर सकता है
Simple Energy ने आज भारतीय बाजार में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Simple Ultra लॉन्च कर दिया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.35 लाख रुपये रखी गई है। यह कंपनी का फ्लैगशिप मॉडल है और इसमें 6.5 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 400 किमी (IDC) की रेंज देता है। इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी थी और कंपनी के अनुसार इसकी डिलीवरी भी देशभर में शुरू हो गई है। Ultra कंपनी के पोर्टफोलियो का चौथा इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जो Dot One, One और OneS के बाद आया है।
कंपनी के फाउंडर और CEO Suhas Rajkumar ने कहा कि “Simple Ultra उन ग्राहकों के लिए बनाया गया है, जो लंबी रेंज और दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं। 400 किमी की रेंज और हाई-परफॉर्मेंस सेटअप के साथ यह भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में नया बेंचमार्क सेट करता है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें 7-इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 4-लेवल ट्रैक्शन कंट्रोल स्टैंडर्ड तौर पर दिया गया है। इसकी टॉप स्पीड 115 किमी/घंटा है और यह सिर्फ 2.77 सेकंड में 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है। कंपनी के अनुसार, यह भारत का दूसरा सबसे तेज इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जो Simple One (5 kWh वेरिएंट) के बाद आता है।

फिलहाल Simple Energy के देशभर में 70 से ज्यादा सेल्स और सर्विस आउटलेट्स हैं, जो बेंगलुरु, दिल्ली, पटना, भोपाल, आगरा, गोवा, विजयवाड़ा, हैदराबाद, विशाखापत्तनम, कोच्चि और चेन्नई जैसे शहरों में मौजूद हैं। आने वाले समय में कंपनी नागपुर, रांची और भुवनेश्वर जैसे नए शहरों में भी अपनी पहुंच बढ़ाएगी।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इसकी कीमत ज्यादा होने के कारण यह स्कूटर PM E-Drive सब्सिडी के लिए पात्र नहीं होगा, क्योंकि यह 1.50 लाख रुपये से ऊपर है। साथ ही, दिल्ली EV पॉलिसी 2026 के तहत मिलने वाले इंसेंटिव्स का भी इसे फायदा नहीं मिलेगा, क्योंकि इसकी कीमत 2.25 लाख रुपये की सीमा से अधिक है।
इससे पहले कंपनी ने Simple One Gen 2 को 1.95 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था, जिसकी रेंज 236 किमी और 265 किमी है। वहीं, Simple OneS Gen 2 190 किमी की रेंज के साथ 1.75 लाख रुपये में उपलब्ध है। Simple Ultra की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी बैटरी और लंबी रेंज है, जिसकी वजह से फिलहाल भारतीय बाजार में इसका कोई सीधा मुकाबला नहीं है।