नवंबर 2021 में 350 सीसी बाइक की बिक्री के आंकड़े – क्लासिक, बुलेट, मीटिओर, सीबी350

2021 Royal Enfield Classic 350

नवंबर 2021 में रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 मोटरसाइकिल 19,601 यूनिट की बिक्री के साथ देश में अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकिल बनकर उभरी है

नवंबर 2021 का महीना कारों के साथ-साथ मोटरसाइकिल सेगमेंट के लिए भी निराशाजनक रहा और और 350 सीसी मोटरसाइकिल सेगमेंट भी इससे अलग नहीं रहा। इस तरह स्पष्ट है कि सेमीकंडक्टर की वैश्विक आपूर्ति की कमी के कारण वाहनों का उत्पादन प्रभावित हुआ है और इसके कारण वाहनों की बिक्री में गिरावट दर्ज हो रही है।

हालाँकि बिक्री मे गिरावट के बाद भी रॉयल एनफील्ड की क्लासिक 350 ने 350 सीसी सेगमेंट की बिक्री में अपना नेतृत्व जारी रखा है और नवंबर 2021 में इसकी 19,601 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि नवंबर 2020 में बेची गई 39,391 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 50.2 प्रतिशत की गिरावट है।

हालाँकि नवंबर 2021 में रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 ने अपनी बिक्री में वृद्धि के साथ सबको चौका दिया है। दरअसल पिछले महीने बुलेट 350 बाइक 8,733 यूनिट की बिक्री के साथ न केवल सूची में दूसरे स्थान पर रही, बल्कि इसने मीटिओर 350 को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है। इसकी बिक्री में सालाना आधार पर 34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, क्योंकि नवंबर 2020 में यह आंकड़ा केवल 6,513 यूनिट का था।

मॉडल नवंबर 2021 नवंबर 2020
1. रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 (-50.2%) 19,601 39,391
2. रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 (34%) 8,733 6,513
3. रॉयल एनफील्ड मीटिओर 350 (-3.6%) 6,775 7,031
4. रॉयल एनफील्ड इलेक्ट्रा 350 (21.9%) 4,257 3,490
5. होंडा सीबी350 (-42.9%) 2,322 4,067

रॉयल एनफील्ड भारत में अपनी बुलेट 350 की पेशकश को और भी खास बनाने पर कार्य कर रही है और खबरों की मानें तो अगले साल इसके नए जेनरेशन को देश में लॉन्च किया जाएगा। नवंबर 2021 में रॉयल एनफील्ड मीटिओर 350 को 6,775 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जो कि नवंबर 2020 में बेची गई 7,031 यूनिट के मुकाबले करीब 3 फीसदी की गिरावट है।

मीटिओर 350 को भारत में पिछले साल लॉन्च किया गया था और इसने थंडरबर्ड की जगह ली थी। नवंबर 2021 में बिक्री में गिरावट के बाद भी मीटिओर 350 ब्रांड के लिए एक सफल उत्पाद बनकर उभरा है और यह पिछले कई महीनों से मासिक बिक्री में क्लासिक 350 के बाद रॉयल एनफील्ड की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक रही है।बुलेट 350 के अलावा इलेक्ट्रा 350 ने भी अपनी बिक्री में सालाना आधार पर 21.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, क्योंकि नवंबर 2020 में इसकी बिक्री का आकड़ा जहाँ 3,490 यूनिट का था, वहीं नवंबर 2021 मे यह बढ़कर 4,257 यूनिट रहा। वहीं  होंडा सीबी350 की पिछले महीने 2,322 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि नवंबर 2020 में बेची गई 4,067 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 42.9 प्रतिशत की गिरावट है।