रॉयल एनफील्ड जल्द ही भारत में एक एंट्री-लेवल मॉडल पेश करेगी, जिसके लॉन्च होने पर ब्रांड की लाइनअप में सबसे सस्ती बाइक होने की उम्मीद है
रॉयल एनफील्ड वर्तमान में भारतीय बाजार के लिए कई मोटरसाइकिलों पर काम कर रही है और कंपनी की कई आगामी मोटरसाइकिलों को टेस्टिंग के दौरान कई मौकों पर देखा गया है। हालाँकि बाजार में इन दिनों प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है इसलिए कंपनी देश में एक नई एंट्री लेवल मोटरसाइकिल को पेश करने की योजना पर कार्य कर रही है।
हाल ही में सामने आई एक खबर की मानें तो यह नई एंट्री-लेवल मोटरसाइकिल बुलेट 350 के प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इस तरह यह नई बाइक नई क्लासिक 350 और मीटिओर 350 की तरह ब्रांड के नए जे-सीरीज प्लेटफॉर्म पर आधारित नहीं होगी। लिहाजा कंपनी अपने पुराने प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादन लागत को कम करने की कवायद करेगी।
रिपोर्ट का कहना है कि रॉयल एनफील्ड की इस नई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 1.10 लाख रूपए से लेकर 1.30 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए होने की उम्मीद है और लॉन्च होने पर इसके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जावा 42 और खुद रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 स्टैंडर्ड होंगे। इसके अलावा यह होंडा हाइनेस सीबी 350 और रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 का किफायती विकल्प के रूप में भी काम करेगा।
मोटरसाइकिल में सुविधाओं के रूप में सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, डिस्क ब्रेक और सिंगल-चैनल ABS (डुअल-चैनल ABS के वैकल्पिक) मिलने की उम्मीद है, जबकि इसमें हैलोजन लाइट की सुविधा होने की उम्मीद की जा सकती है। इसके अलावा ब्रांड इसके साथ ट्रिपर नेविगेशन सिस्टम को वैकल्पिक एक्सेसरीज के रूप में पेश कर सकती है।
हालाँकि अभी इस मोटरसाइकिल के पावरट्रेन के बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि यह बुलेट 350 की तरह 346 सीसी, एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन द्वारा संचालित होगी। यह इंजन 19.4 पीएस की पावर और 28 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। इंजन को 5-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा।
बता दें कि रॉयल एनफील्ड इन दिनों कई और मोटरसाइकिलों पर कार्य कर रही है, जिनमें स्क्रैम 411 (हिमालय़न का रोड ओरिएंटेड वर्जन), नई 650 सीसी क्रूजर (सुपर मीटिओर 650), 650 सीसी रोडस्टर (क्लासिक 650), 450 सीसी एडवेंचर मोटरसाइकिल (हिमालयन 450) और नई 350 सीसी रोडस्टर (हंटर 350) शामिल हैं।