रॉयल एनफील्ड FY2027 में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए 350-450cc, 650cc और 750cc सेगमेंट में कई नई मोटरसाइकिलें लॉन्च करेगी
रॉयल एनफील्ड FY27 (अप्रैल 2026-मार्च 2027) के दौरान भारतीय बाजार में 18 नई मोटरसाइकिलें लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इनमें 5 बिल्कुल नए मॉडल होंगे, जबकि बाकी 13 मौजूदा बाइक्स के अपडेटेड वर्जन होंगे। कंपनी जिन नई बाइक्स को लॉन्च करेगी उनमें बुलेट 650, Scram 450, Himalayan 440, Continental GT 750 और Himalayan 750 शामिल हैं। वहीं कंपनी की दूसरी इलेक्ट्रिक बाइक Royal Enfield Flying Flea S6 अप्रैल 2027 में लॉन्च होगी। कंपनी आंध्र प्रदेश में अपना नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित कर रही है, जो तमिलनाडु के बाहर कंपनी का पहला प्लांट होगा।
भारत में लॉन्च होने वाली मोटरसाइकिलों की बात करें तो Bullet 650 को सबसे पहले EICMA 2025 में पेश किया गया था और इसके बाद इसे Motoverse 2025 में भी शोकेस किया गया था। यह Classic 650 से नीचे पोजिशन की जाएगी और इसकी शुरुआती कीमत करीब 3.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। इसमें 648cc पैरेलल-ट्विन इंजन मिलेगा, जो 46.4 bhp की पावर और 52.3 Nm टॉर्क देगा। बाइक में स्लिपर क्लच, ड्यूल-चैनल ABS, USB Type-C चार्जिंग और सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स मिलेंगे।
वहीं Scram 450 को 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। यह Guerrilla 450 और Himalayan 450 के बीच पोजिशन होगी और इसकी कीमत करीब 2.75 लाख रुपये रहने की उम्मीद है। इसमें 452cc Sherpa इंजन मिलेगा और यह Triumph Scrambler 400 X को टक्कर देगी। बाइक में राइडिंग मोड्स, स्विचेबल ABS और Google Maps सपोर्ट वाला TFT डिस्प्ले दिया जाएगा।

Himalayan 440 को Scram 440 और Himalayan 450 के बीच रखा जाएगा। इसे Himalayan 411 का नया अवतार माना जा रहा है। इसमें 443cc एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन मिलेगा और इसकी सीट हाइट व कीमत Himalayan 450 से कम हो सकती है। इसमें Tripper Navigation और स्विचेबल ABS जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है।
रॉयल एनफील्ड पहली बार 750cc सेगमेंट में Continental GT 750 के जरिए एंट्री करेगी। इसका डिजाइन GT 650 जैसा होगा लेकिन इसमें ज्यादा पावरफुल 750cc पैरेलल-ट्विन इंजन मिलेगा, जो करीब 50-55 bhp पावर देगा। खास बात यह है कि इसमें पहली बार फ्रंट पर ड्यूल डिस्क ब्रेक दिए जाएंगे।

वहीं हिमालयन 750 कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी एडवेंचर बाइक होगी। इसका प्रोडक्शन मॉडल EICMA 2026 में पेश किया जाएगा। इसमें 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर स्पोक व्हील्स, LED हेडलैंप, विंडस्क्रीन, नकल गार्ड्स और Brembo-बेस्ड Bybre ब्रेकिंग सिस्टम जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसे 750cc ट्विन-सिलेंडर इंजन से पावर मिलेगी।