Royal Enfield Meteor 350 बनी पॉपुलर क्रूज़र, 6 लाख बिक्री का आंकड़ा किया पार

भारतीय बाजार में रॉयल एनफील्ड Meteor 350 की कीमत 1.95 लाख रुपये से शुरू होती है और इसे 4 वेरिएंट में ख़रीदा जा सकता है

रॉयल एनफील्ड की लोकप्रिय क्रूज़र बाइक Meteor 350 ने वैश्विक स्तर पर 6 लाख यूनिट की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। साल 2020 के अंत में लॉन्च होने के बाद से यह बाइक एंट्री-लेवल मिडिलवेट मोटरसाइकिल सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय वाली क्रूज़र बाइक्स में से एक बन गई है। करीब पांच साल से थोड़े ज्यादा समय में इसने दुनियाभर के राइडर्स के बीच अच्छी लोकप्रियता हासिल की है।

भारत में यह क्रूज़र बाइक फिलहाल चार वेरिएंट Fireball, Stellar, Aurora और Supernova में उपलब्ध है। इसकी कीमत 1,95,546 रुपये से 2,15,770 रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। बाइक में 349 सीसी का एयर-ऑयल कूल्ड सिंगल-सिलेंडर OHC इंजन दिया गया है, जो स्मूथ पावर डिलीवरी और आरामदायक क्रूज़िंग के लिए जाना जाता है।

इस इंजन के साथ रिफाइंड गियरबॉक्स दिया गया है और इसमें असिस्ट और स्लिप क्लच जैसी सुविधा भी मिलती है। रॉयल एनफील्ड Meteor 350 में पारंपरिक क्रूज़र डिजाइन के साथ आधुनिक फीचर्स भी दिए गए हैं। इसमें डिजिटल-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, Tripper नेविगेशन सिस्टम, LED लाइटिंग, प्रीमियम स्विचगियर, एडजस्टेबल लीवर्स और USB चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं।

Meteor 350 Sundowner Edition (2)

यह मॉडल रॉयल एनफील्ड के लिए खास इसलिए भी है क्योंकि यह कंपनी की पहली बाइक थी जिसमें नया J-series प्लेटफॉर्म इस्तेमाल किया गया था। इस प्लेटफॉर्म के कारण इंजन की स्मूथनेस, मैकेनिकल रिफाइनमेंट और राइड क्वालिटी पहले के मुकाबले बेहतर हुई।

लॉन्च के बाद इसे उद्योग से भी सराहना मिली और इसने 2021 में Indian Motorcycle of the Year का खिताब भी जीता था। साइज की बात करें तो इस बाइक की लंबाई 2,140 मिमी, चौड़ाई 845 मिमी (मिरर के बिना) और ऊंचाई 1,140 मिमी है। इसमें 765 मिमी सीट हाइट, 1,400 मिमी व्हीलबेस और 170 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है।

2025 Meteor 350

बाइक का कर्ब वेट 191 किलोग्राम है और इसमें 15 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। यह 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील के साथ आती है। रॉयल एनफील्ड Meteor 350 को दुनिया के 60 से ज्यादा देशों में बेचा जाता है और खासकर लैटिन अमेरिका, यूरोप और कई SAARC देशों में इसकी अच्छी मांग है।