रॉयल एनफील्ड ने BS3 और BS4 बाइक्स के लिए लॉन्च की E20 कन्वर्जन किट

Royal Enfield Classic 350
Classic-350

रॉयल एनफील्ड की क्लासिक 350, बुलेट 350 और थंडरबर्ड के BS3 और BS4 मॉडल अब रेट्रोफिट किट लगवाकर E20 पेट्रोल पर चलाए जा सकते हैं

रॉयल एनफील्ड ने भारत में अपनी BS3 और BS4 बाइक्स के लिए E20 रेट्रोफिट किट लॉन्च की है। यह किट इसलिए लाई गई है ताकि ये पुरानी बाइक्स 20% एथेनॉल मिले E20 पेट्रोल पर बिना दिक्कत चल सकें। BS4 बाइक्स के लिए इस किट की कीमत 1,700 रुपये है। यह किट खासकर Classic 350, Bullet 350 और Thunderbird जैसे पुराने 350cc मॉडल्स के लिए काम की है, जिनमें कार्ब्यूरेटर वाला UCE इंजन दिया गया है।

बता दें कि कंपनी की BS6 मोटरसाइकिलें पहले से ही E20 ईंधन के अनुकूल हैं और उन्हें किसी कन्वर्जन किट की जरूरत नहीं है। भारत में BS6 उत्सर्जन मानक 1 अप्रैल 2020 से लागू हुए थे। कंपनी के अनुसार, इसके बाद तैयार की गई सभी मोटरसाइकिलें E20 फ्यूल के अनुरूप हैं। इसलिए यह नई किट खासतौर पर BS3 और BS4 350cc कार्ब्यूरेटर इंजन वाली बाइक्स के लिए लाई गई है। 500cc मॉडल्स के लिए फिलहाल ऐसी किसी किट को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं है।

E20 किट में कई छोटे पुर्जे हैं, जिनमें O-रिंग्स, ट्यूब्स और सील्स शामिल हैं। E20 फ्यूल में एथेनॉल की मात्रा अधिक होने के कारण रबर और कुछ धातु के हिस्सों में तेजी से घिसावट हो सकती है। इन पार्ट्स को बदलने से इस समस्या से बचाव किया जा सकेगा। भारत सरकार द्वारा E20 फ्यूल को अनिवार्य किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।

Royal Enfield E20 conversion kit
Royal Enfield E20 conversion kit

ये E20 कन्वर्जन किट देशभर के अधिकृत रॉयल एनफील्ड डीलरशिप्स पर उपलब्ध हैं। हालांकि 500cc मॉडल्स के लिए कोई विशेष रेट्रोफिट किट उपलब्ध नहीं है, लेकिन डीलर कुछ फ्यूल सिस्टम पार्ट्स अपडेट कराने की सलाह दे रहे हैं, ताकि भविष्य में ब्लॉकेज जैसी समस्याओं से बचा जा सके। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी डीलरशिप से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि जो बाइकें E20 के अनुकूल नहीं हैं, उनमें E20 फ्यूल के उपयोग के बाद माइलेज में कमी देखी गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि Royal Enfield की यह रेट्रोफिट किट माइलेज में गिरावट को कितनी हद तक कम कर पाती है। हालांकि उम्मीद है कि सुधार सीमित ही रहेगा और माइलेज पहले जैसा पूरी तरह वापस आना मुश्किल है।

2023 royal enfield bullet 350-3

फिलहाल ये किट सीमित संख्या में उपलब्ध हैं, क्योंकि कई डीलरों के पास स्टॉक मौजूद नहीं है। इसलिए BS3 और BS4 मॉडल्स के मालिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने नजदीकी रॉयल एनफील्ड डीलर से संपर्क करें और इसके बारे में जानकारी प्राप्त करें।