
रॉयल एनफील्ड अगले 3-4 महीनों में भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर) के नतीजों की घोषणा के दौरान Flying Flea C6 की लॉन्च टाइमलाइन साझा की है। दोनों इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों को भारत में Motoverse 2025 में आम जनता के सामने प्रदर्शित किया जा चुका है। इसके साथ ही रॉयल एनफील्ड भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में उतरने वाली पहली बड़ी पारंपरिक (लेगेसी) ब्रांड बनने जा रही है।
कंपनी के सीईओ बी. गोविंदराजन के अनुसार, Flying Flea C6 लगभग प्रोडक्शन के लिए तैयार है। संकेत मिलते हैं कि इसे वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल–जून 2026) में बिक्री के लिए पेश किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कंपनी इसे केवल एक नए मॉडल के रूप में नहीं देख रही, बल्कि Flying Flea के जरिए एक पूरी नई इलेक्ट्रिक कैटेगरी विकसित करने की योजना है।
Flying Flea ब्रांड रॉयल एनफील्ड की सभी इलेक्ट्रिक गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालेगा। रॉयल एनफील्ड ने हाल ही में घोषणा की है कि वह चेन्नई स्थित अपने प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 14.6 लाख यूनिट से बढ़ाकर 20 लाख यूनिट करेगी। यह विस्तार मुख्य रूप से Flying Flea C6 और S6 के सुचारु उत्पादन को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

हालांकि कंपनी ने C6 की सटीक लॉन्च तारीख का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अगले क्वार्टर में इसे बाजार में देखने के संकेत दिए गए हैं। C6 को चरणबद्ध तरीके से पहले बड़े मेट्रो शहरों जैसे बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और पुणे में लॉन्च किया जा सकता है। वहीं Flying Flea S6 कंपनी की दूसरी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल होगी।
जहाँ C6 एक नियो-रेट्रो अर्बन कम्यूटर है, वहीं S6 एक स्क्रैम्बलर मॉडल है जिसे अलग-अलग तरह के रास्तों पर चलाने के लिए तैयार किया गया है। S6 को EICMA 2025 और Motoverse 2025 में प्रदर्शित किया गया था। कंपनी के अनुसार, S6 को 2027 की शुरुआत में लगभग 2.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया जा सकता है।

तकनीकी विवरण अभी तक उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन उम्मीद है कि यह एक बार फुल चार्ज में लगभग 200 किमी की रेंज दे सकती है। इसमें होम चार्जिंग के साथ-साथ फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलेगा।