
मार्च 2025 में रॉयल एनफील्ड Classic 350 की 33,115 यूनिट बिकी हैं, जो मार्च 2024 में बेची गई 25,508 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 30 फीसदी की वृद्धि है
रॉयल एनफील्ड की Classic 350 मोटरसाइकिल हमेशा से ही भारतीय बाजार में एक खास पहचान रखती आई है। अपने विंटेज लुक, दमदार परफॉर्मेंस और विश्वसनीयता के चलते यह बाइक रॉयल एनफील्ड के पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक में से एक रही है। मार्च 2025 में कंपनी ने क्लासिक 350 की कुल 33,115 यूनिट की बिक्री दर्ज की है, जो इस बात का प्रमाण है कि यह मॉडल ग्राहकों के बीच लोकप्रिय बना हुआ है।
रॉयल एनफील्ड ने मार्च 2024 में क्लासिक 350 की कुल 25,508 यूनिट की बिक्री की थी, जो सालाना आधार पर 30 फीसदी की वृद्धि है। वहीं मासिक आधार पर भी इसकी बिक्री में 8 फीसदी की वृद्धि हुई है। क्लासिक 350 को अक्सर एक “गेमचेंजर” कहा जाता है और इसके पीछे कई वजहें हैं।
सबसे पहली बात कि इसका डिजाइन पुरानी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों की याद दिलाता है। दूसरा, इसमें जो नया J-प्लेटफॉर्म और 349cc का इंजन दिया गया है, वह पुराने मॉडल की तुलना में ज्यादा स्मूद और फ्यूल एफिशिएंट है। यह इंजन 20.2 बीएचपी की पावर और 27 एनएम का टॉर्क देता है, जिससे इसे शहर और हाईवे दोनों पर चलाना आरामदायक है।

रॉयल एनफील्ड ने क्लासिक 350 में बेहतर सस्पेंशन, एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ट्रिपर नेविगेशन जैसे मॉडर्न फीचर्स भी जोड़े हैं। इससे यह युवा ग्राहकों के साथ-साथ पारंपरिक राइडर्स की पसंद भी बनी हुई है। रॉयल एनफील्ड ने पिछले साल के अंत में गोन क्लासिक 350 को भी लॉन्च किया था। वर्तमान में इसकी कीमत 2.35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।
रॉयल एनफील्ड गोन क्लासिक 350 अपने विशिष्ट कॉस्मेटिक अपग्रेड के साथ अलग नज़र आती है, जबकि इसमें मानक क्लासिक 350 के मैकेनिकल कॉम्पोनेन्ट बरकरार हैं। इसमें 349 सीसी का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन है जो 6,100 आरपीएम पर लगभग 20 बीएचपी की पावर और 27 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।

रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 की कीमत 1.95 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जो क्रोम वेरिएंट के लिए 2.32 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। मोटरसाइकिल एलईडी लाइटिंग सिस्टम से सुसज्जित है, जिसमें एक गोल आकार का एलईडी हेडलैम्प, टर्न इंडिकेटर्स, टेल लैंप और पायलट लैंप शामिल हैं। साथ ही इसमें एडजस्टेबल क्लच और ब्रेक लीवर और अतिरिक्त सुविधा के लिए एक यूएसबी चार्जिंग पोर्ट शामिल हैं। इसमें 13 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है और इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 170 मिमी का है। इसमें सिंगल और डुअल चैनल एबीएस मिलता है।