रेनो भारतीय बाजार में 2030 तक लॉन्च करेगी 7 नई कारें – Hybrid और EV पर फोकस

Renault ने पुष्टि की है कि 2030 तक भारत उसके टॉप 3 ग्लोबल बाजारों में शामिल होगा और इसके लिए कंपनी 7 नए मॉडल लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही है

Renault Group ने भारतीय बाजार के लिए अपनी नई “futuREady India” रणनीति पेश की है, जिसमें आने वाले नए प्रोडक्ट्स पर खास जोर दिया गया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि 2030 तक भारत उसके टॉप तीन ग्लोबल मार्केट्स में शामिल होगा। इसके लिए Renault अपने इतिहास का सबसे बड़ा प्रोडक्ट प्लान लेकर आ रही है, जिसमें कुल 7 नए मॉडल भारतीय ग्राहकों के लिए तैयार किए जाएंगे।

इस रणनीति के तहत Renault अपनी पूरी लाइन-अप को नया रूप देने जा रही है, जिसमें कॉम्पैक्ट कारों से लेकर मिडसाइज और प्रीमियम SUVs तक शामिल होंगी। सबसे अहम लॉन्च में से एक नई Renault Duster होगी, जिसे इस साल की शुरुआत में पेश किया जा चुका है और इसे लेकर ग्राहकों में काफी उत्साह देखा गया है।

इसके साथ एक नई B-सेगमेंट SUV भी आएगी, जिसे हाल ही में Bridger Concept के रूप में दिखाया गया था। यह SUV पेट्रोल, हाइब्रिड और पूरी तरह इलेक्ट्रिक (EV) ऑप्शन्स के साथ लॉन्च हो सकती है। Renault ने बताया है कि ये सभी 7 मॉडल दो नए मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म RGEP और RGMP पर आधारित होंगे। ये प्लेटफॉर्म मल्टी-एनर्जी अप्रोच के साथ बनाए गए हैं।

Renault RGEP Platform

इसका मतलब है कि ग्राहकों को पेट्रोल, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक जैसे कई पावरट्रेन विकल्प मिलेंगे। कंपनी भारत में अपने ग्राहकों के लिए लंबी अवधि की योजनाएं भी ला रही है। “Renault Forever” प्रोग्राम के तहत 7 साल की वारंटी दी जाएगी, जिससे ग्राहकों का भरोसा और बढ़ेगा। Renault भारत को अपने ग्लोबल ऑपरेशन्स में और ज्यादा अहम बना रही है।

चेन्नई प्लांट को टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग हब बनाया जा रहा है। यहाँ 6,000 से ज्यादा इंजीनियर वाहन विकास, सॉफ्टवेयर और फ्यूचर मोबिलिटी पर काम करेंगे। कंपनी अब चेन्नई मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन की पूरी मालिक बन चुकी है, जिससे लोकलाइजेशन और प्रोडक्शन कंट्रोल बेहतर होगा।

Renault Duster (7)

Renault भारत को एक बड़े एक्सपोर्ट हब के रूप में भी तैयार कर रही है और 2030 तक 2 बिलियन यूरो के सालाना एक्सपोर्ट का लक्ष्य रखा गया है। चालू वित्त वर्ष में कंपनी Renault Duster का 3-रो वर्जन लॉन्च करेगी। वहीं Bridger पर आधारित कॉम्पैक्ट SUV को Kiger और Duster के बीच पोजिशन किया जाएगा। नए मॉडल्स, मल्टी-एनर्जी प्लेटफॉर्म और मजबूत लोकलाइजेशन के साथ रेनो आने वाले वर्षों में भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है।