भारत में रेनो क्विड इलेक्ट्रिक और नई जेनरेशन डस्टर हो सकती है लॉन्च

रेनो वर्तमान में क्विड इलेक्ट्रिक को लाने की संभावनाओं का अध्ययन कर रही है, जबकि नई जेनेरेशन डस्टर को भी लॉन्च किया जा सकता है

रेनो इंडिया ने पिछले साल की शुरुआत में भारत में अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी काइगर को पेश किया था, जो देश में एक लोकप्रिय कार बनकर उभरी है। काइगर अपने किफायती प्रदर्शन, फ्यूल-इफिशिएंस पावरट्रेन और सुविधाओं की एक बड़ी सूची के कारण काफी पसंद की जा रही है। काइगर ने भारत में रेनो को नए सिरे से स्थापित करने में मदद की है।

काइगर की सबसे बड़ी यूएसपी इसकी किफायती कीमत और भारी स्थानीयकृत होना भी है। कंपनी देश में क्विड हैचबैक, ट्राइबर और डस्टर की भी बिक्री करती है। वैश्विक सेमीकंडक्टर चिप्स की कमी के बावजूद भी रेनो 2021 कैलेंडर वर्ष में घरेलू बाजार में कुल मिलाकर 1 लाख से भी ज्यादा कारों की बिक्री करने में कामयाब रही है।

यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि कंपनी के लिए फ्रांस, जर्मनी, रूस और ब्राजील के मुकाबले अभी भारत पीछे है, लेकिन बाजार का रुझान निश्चित रूप से बदल रहा है। इसलिए रेनो निकट भविष्य में ज्यादा प्रीमियम उत्पाद और यहाँ तक की इलेक्ट्रिक वाहनों को भी लाने पर विचार कर रही है।renault duster faceliftदरअसल हाल ही में एक इंटरव्यू में रेनो के ब्रांड सेल्स एंड ऑपरेशंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष Fabrice Cambolive ने कहा कि हाल के दिनों में बिक्री की मात्रा में लगातार सुधार हुआ है जिससे कंपनी को काफी मदद मिली है। क्विड, ट्राइबर और काइगर सभी कारें एक ही CMF-A+ आर्किटेक्चर पर आधारित हैं और अब कंपनी B और C सेगमेंट में प्रवेश करने के तरीके तलाशेगी।

रेनो वर्तमान में दो दिशाओं में अपने सहयोगी निसान के साथ इलेक्ट्रिफिकेशन के रूप में काम कर रही है और कंपनी का कहना है कि प्रीमियम सेगमेंट में कारों को बेचने की क्षमता महत्वपूर्ण होगी। ब्रांड इस बात से अवगत है कि उसके इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ज्यादा स्थानीय सामग्री होने से विकास को गति मिलेगी और निसान जो कर रहा है उसका बारीकी से अध्ययन कर रही है।

यह जापानी निर्माता भारत में एक गीगाफैक्ट्री स्थापित करना चाहता है, जो भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के एकीकरण और स्थानीयकरण की अनुमति देगी। रेनो वर्तमान में क्विड ईवी को लाने की संभावनाओं का अध्ययन कर रही है, जबकि वैश्विक बाजारों में नई जेनेरेशन की डस्टर ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दूसरी पीढ़ी की डस्टर भारत में लॉन्च होगी, लेकिन अभी लॉन्च की समय सीमा तय नहीं की गई है।