नई Renault Duster में Turbo TCe 100, Turbo TCe 160 और Strong Hybrid E-Tech 160 के साथ तीन इंजन विकल्प मिलते हैं
रेनो ने भारत में नई जनरेशन डस्टर का खुलासा कर दिया है। ग्राहक 21,000 रुपये की R Pass राशि देकर प्री-बुकिंग कर सकते हैं। कीमतों की घोषणा मार्च के मध्य में होगी। पेट्रोल वेरिएंट्स की डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि Strong Hybrid E-Tech 160 की डिलीवरी दिवाली 2026 के आसपास शुरू होगी।
नई डस्टर को Renault Group Modular Platform (RGMP) पर तैयार किया गया है, जिसे खास तौर पर भारतीय हालात को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसमें इस्तेमाल किए गए करीब 90 फीसदी पार्ट्स भारत के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए हैं। इस प्लेटफॉर्म की टेस्टिंग –23°C से लेकर 55°C तक के तापमान, 18,379 फीट की ऊंचाई और 10 लाख किलोमीटर से ज्यादा की एंड्योरेंस ड्राइव में की गई है।
यह प्लेटफॉर्म 5-स्टार सेफ्टी स्टैंडर्ड को सपोर्ट करता है और अलग-अलग पावरट्रेन, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और गूगल-बेस्ड इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए तैयार है। नई डस्टर को तीन इंजन विकल्पों में पेश किया जाएगा। Turbo TCe 100 इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ एंट्री-लेवल वेरिएंट में मिलेगा। वहीं Turbo TCe 160 इंजन 163 पीएस की पावर और 280 Nm टॉर्क डिलीवर करता है और यह 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड वेट-क्लच DCT के साथ उपलब्ध होगा।

वहीं Strong Hybrid E-Tech 160 भारत में पहली बार, 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन और 1.4 kWh बैटरी के साथ उपलब्ध होगा, जो शहर में 80% तक इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है। इस एसयूवी की ऑफ-रोड क्षमता भी मजबूत है। इसमें 212 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस, 26.9° का अप्रोच एंगल और 34.7° का डिपार्चर एंगल मिलता है। साथ ही इसमें 18-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स मिलते हैं।
इस एसयूवी की लंबाई 4,346 मिमी, चौड़ाई 1,815 मिमी, ऊंचाई 1,703 मिमी, व्हीलबेस 2,657 मिमी, ग्राउंड क्लीयरेंस 212 मिमी और बूट स्पेस 700 लीटर का है। डिजाइन की बात करें तो इसमें ट्रेपेज़ॉइडल ग्रिल, फुल-LED हेडलैंप और टेललैंप, हॉरिजॉन्टल रियर लाइट बार, प्रोटेक्टिव क्लैडिंग और येलो एक्सेंट्स के साथ डस्टर बैजिंग दी गई है। केबिन में फाइटर जेट से इंस्पायर्ड लेआउट, ऊंचा सेंटर कंसोल, इलेक्ट्रॉनिक शिफ्टर और जरूरी फंक्शंस के लिए फिजिकल बटन मिलते हैं।

इंटीरियर में Mountain Jade लेदरेट अपहोल्स्ट्री, येलो स्टिचिंग, कार्बन-फिनिश डैशबोर्ड इंसर्ट्स और मेटैलिक एक्सेंट्स दिए गए हैं। कम्फर्ट फीचर्स में वेंटिलेटेड और 6-वे पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स (मैनुअल लंबर सपोर्ट के साथ), ड्यूल-जोन ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरैमिक इलेक्ट्रिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक (ऑटो होल्ड के साथ) और इलेक्ट्रिक टेलगेट शामिल हैं।
टेक्नोलॉजी के मोर्चे पर SUV में 10.1-इंच OpenR Link टचस्क्रीन मिलता है, जिसमें Google Maps, Google Assistant, Play Store और 100 से ज्यादा ऐप्स का सपोर्ट है। इसके साथ 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। MYR ऐप के जरिए 60 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं, जबकि सेफ्टी के लिए 17 ADAS फीचर्स, हिल डिसेंट कंट्रोल और कुल 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

ड्राइव मोड्स में Eco, Comfort और Perso शामिल हैं, जिनसे इंजन रिस्पॉन्स, स्टीयरिंग और एम्बिएंट लाइटिंग को कस्टमाइज किया जा सकता है। रेनो इस SUV के साथ Renault Forever प्रोग्राम के तहत 7 साल या 1.5 लाख किमी तक की वारंटी भी दे रही है।