
Renault Duster Adventure Edition में एडवेंचर थीम वाले एक्सक्लूसिव डेकल, एडवेंचर एम्बेलिशर और प्रीमियम एडवेंचर फ्लोर मैट्स मिलते हैं
Renault India ने भारतीय बाजार में नई डस्टर को इसी साल मार्च में 10.49 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था। वहीं अब कंपनी ने इस लोकप्रिय एसयूवी का Adventure Edition लॉन्च कर दिया है। इस स्पेशल एडिशन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.99 लाख रुपये रखी गई है। Adventure Edition को Duster की एडवेंचर विरासत को सम्मान देने के लिए पेश किया गया है।
Renault Duster अपनी शानदार राइड क्वालिटी, बेहतरीन हैंडलिंग और कठिन रास्तों पर शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती रही है। कंपनी का कहना है कि यह एडिशन उन यादगार यात्राओं और अनुभवों का जश्न मनाता है, जिन्होंने डस्टर को भारतीय ग्राहकों के बीच एक आइकॉनिक एसयूवी बनाया है।
इस स्पेशल एडिशन का खुलासा फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस (Bastille Day) के मौके पर भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी मैथू (Thierry Mathou) और Renault Group India के CEO स्टीफन डेब्लेज़ (Stéphane Deblaise) ने किया। इस मौके पर स्टीफन डेब्लेज़ ने कहा कि Duster सिर्फ एक SUV नहीं है, बल्कि यह लाखों ग्राहकों की यादों और सफर का हिस्सा रही है। नया Adventure Edition इसी खास रिश्ते और Duster की लोकप्रिय पहचान को आगे बढ़ाने के लिए लाया गया है।

नई रेनो डस्टर एडवेंचर एडिशन को Turbo TCe 100 MT, Turbo TCe 160 MT और Turbo TCe 160 DCT पावरट्रेन विकल्पों में पेश किया गया है। जिनकी कीमत क्रमश: 12.99 लाख रुपये, 13.99 लाख रूपए और 15.39 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गयी है। इसमें एडवेंचर थीम वाले एक्सक्लूसिव डेकल दिए गए हैं, जिन पर टोपोग्राफिकल कंटूर लाइन और लेह (34.27 N, 77.60 E) के जियोग्राफिकल कोऑर्डिनेट्स अंकित हैं।
इसके अलावा Adventure एम्बेलिशर और प्रीमियम Adventure फ्लोर मैट्स भी इस एडिशन को अलग पहचान देते हैं।फीचर्स की बात करें तो इसमें फुल LED हेडलैंप, इलेक्ट्रिक पैनोरैमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक पावर्ड टेलगेट, My Renault App के साथ कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ऑटोमैटिक ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 10.1-इंच OpenR Link टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 17-इंच Ocean अलॉय व्हील्स जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।

नई रेनो डस्टर के एंट्री-लेवल मॉडल में Turbo TCe 100 इंजन मिलता है, जो 100 PS की पावर और 166 NM का टॉर्क देता है। वहीं Turbo TCe 160 इंजन 163 PS की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड वेट ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक (DCT) गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है।
वहीं, कंपनी इस साल के अंत तक इस एसयूवी को हाइब्रिड इंजन के साथ भी पेश करेगी। इसमें 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन, एक इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4 kWh बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का दावा है कि शहर में चलाने के दौरान यह SUV करीब 80 प्रतिशत समय केवल इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है।