Renault Bridger का प्रोडक्शन मॉडल भारत में ही डिजाइन और डेवलप किया जाएगा और इसके 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है
रेनो ने हाल ही में भारतीय बाजार में नई डस्टर एसयूवी का खुलासा किया था और इसे 17 मार्च को लॉन्च किया जाना है। वहीं रनो ने आज अपने नए कॉन्सेप्ट मॉडल Bridger की पहली झलक दिखाई है और उम्मीद है कि यह कॉन्सेप्ट भारत के लिए एक छोटी और ज्यादा मजबूत एसयूवी होगी। टीज़र इमेज से लगता है कि यह मॉडल जल्द लॉन्च होने वाला इंडिया-स्पेक डस्टर से छोटा होगा और कंपनी के लिए एक नया सेगमेंट बना सकता है।
ब्रिजर कॉन्सेप्ट उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो कॉम्पैक्ट लाइफस्टाइल ऑफ-रोडर पसंद करते हैं। अगर यह मॉडल प्रोडक्शन में लगभग इसी डिजाइन के साथ आता है, तो यह तीन-दरवाजे वाली महिंद्रा थार और मारुति जिम्नी जैसी कारों को टक्कर दे सकता है। साथ ही यह आने वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी जैसे विजन S पर आधारित मिनी स्कॉर्पियो N और किआ सिरोस को भी टक्कर देगा।
रेनो की मौजूदा लाइनअप में यह एसयूवी काइगर और डस्टर के बीच रखी जा सकती है। टीज़र में दिखा डिजाइन बताता है कि इसकी बॉडी सीधी और मजबूत है। आगे और पीछे का हिस्सा थोड़ा चौकोर (बॉक्सी) है। इसकी छत और बोनट लगभग सीधे हैं और ऊपर मोटी रूफ रेल्स लगी हैं। पीछे दरवाजे पर स्टेपनी लगी है, जिससे इसे पुरानी स्टाइल वाला लुक मिलता है।

उम्मीद है कि प्रोडक्शन वर्जन में भारत के ग्राहकों को ध्यान में रखकर और भी शार्प डिजाइन एलिमेंट जोड़े जा सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल इसका ड्राइवट्रेन होगा। अगर यह सीधे ऑफ-रोड एसयूवी से मुकाबला करना चाहती है, तो इसमें मजबूत 4×4 सिस्टम होना चाहिए। हालांकि भारत में आने वाली नई डस्टर में अभी ऑल-व्हील ड्राइव का विकल्प नहीं दिया गया है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि रेनो इसे असली 4×4 सिस्टम के साथ लाती है या सिर्फ स्टाइलिश और क्लासिक लुक वाली एसयूवी के रूप में पेश करती है। इंजन के तौर पर इसमें 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल HR10 इंजन मिलने की संभावना है, जो पहले से काइगर में उपलब्ध है। ट्रांसमिशन विकल्पों में मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स शामिल हो सकते हैं।

रेनो ब्रिजर के जल्द लॉन्च होने की संभावना कम है। कंपनी पहले अगले वित्तीय वर्ष में 7-सीटर डस्टर को लॉन्च करने पर ध्यान देगी। ऐसे में इस कॉम्पैक्ट लाइफस्टाइल एसयूवी 2027 के दूसरी छमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है।