रेनो भारतीय बाजार में अगले साल तक 3 नई एसयूवी को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसकी शुरुआत डस्टर से होगी
रेनो अब भारतीय बाजार को लेकर पहले से ज्यादा गंभीर नजर आ रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि वह 2030 तक चार नए मॉडल लॉन्च करेगी, जिनमें से तीन एसयूवी अगले साल तक बाजार में लॉन्च होंगी। इन नए मॉडलों के जरिए कंपनी देश के बड़े और लोकप्रिय सेगमेंट्स में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
1. Renault Duster
रेनो भारतीय बाजार में सबसे पहले डस्टर को लॉन्च करेगी। भारत में दूसरी पीढ़ी को छोड़ने के बाद अब यह SUV तीसरी पीढ़ी के रूप में 17 मार्च को लॉन्च होने जा रही है। कंपनी ने इस नए मॉडल को भारतीय बाजार के हिसाब से खास तौर पर तैयार किया है और इसमें कई प्रीमियम फीचर्स दिए जाएंगे।

इसमें पावर्ड टेलगेट, पैनोरैमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिकली एडजस्ट होने वाली और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स मिलते हैं। शुरुआत में इसमें 1.0-लीटर और 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलेगा, जबकि साल के अंत तक 1.8-लीटर हाइब्रिड सिस्टम भी पेश किया जाएगा।
2. Renault 7-Seater SUV
नई डस्टर के बाद कंपनी इसी प्लेटफॉर्म पर आधारित एक 7-सीटर SUV भी लाने की तैयारी में है। इसका डिज़ाइन डस्टर से अलग होगा और इसमें ज्यादा प्रीमियम लुक देने की कोशिश की जाएगी। हालांकि इसका नाम अलग होगा, लेकिन दोनों मॉडलों के बीच तकनीकी समानताएं देखने को मिल सकती हैं।

इस मॉडल में दूसरी सीट पर ज्यादा जगह मिलेगी, जबकि तीसरी सीट पर दो एडल्ट लोग बैठ सकेंगे, लेकिन जगह थोड़ी कम हो सकती है। इसमें बेहतर क्वालिटी वाले मटेरियल, सॉफ्ट-टच फिनिश और अतिरिक्त आरामदायक फीचर्स भी मिल सकते हैं। इंजन विकल्पों में 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.8-लीटर पेट्रोल-हाइब्रिड शामिल हो सकते हैं।
3. Renault Bridger
इसके अलावा कंपनी भविष्य में Bridger नाम की नई कॉम्पैक्ट SUV भी लाने की योजना बना रही है, जिसे पहले कॉन्सेप्ट के रूप में दिखाया जा चुका है। बॉक्सी डिजाइन के साथ यह अपने सेगमेंट की बड़ी SUV में से एक हो सकती है, जिससे इसे मजबूत रोड प्रेजेंस और ज्यादा स्पेस मिलेगा। इसमें लगभग 200 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस और करीब 400 लीटर का बूट स्पेस मिलने की संभावना है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस SUV को 2027 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है। इसमें शुरुआत में 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिए जा सकते हैं। इसके बाद 2028 से हाइब्रिड और पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन भी चरणबद्ध तरीके से पेश किए जा सकते हैं। इन नए मॉडलों के जरिए कंपनी भारत के तेजी से बढ़ते एसयूवी बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।