भारत में रेनो अर्काना पहली बार टेस्टिंग के दौरान आई नजर

renault arkana

रेनो अर्काना को अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बेचा जाता है और अगर यह भारत में लॉन्च होती है तो इसका मुकाबला टाटा हैरियर और एमजी हेक्टर से होगा

रेनो इंडिया ने हाल ही में भारतीय बाजार में ट्राइबर एमपीवी की 1 लाख यूनिट की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह कार देश में रेनो की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक रही है। देश में कार बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए प्रतीत हो रहा है कि रेनो अब अगली पीढ़ी के उत्पादों पर काम करने की कोशिश कर रही है। यहाँ एक बात और ध्यान देने वाली है कि कंपनी ने हाल ही में देश में अपनी डस्टर एसयूवी के उत्पादन को बंद कर दिया है।

डस्टर बाजार में काफी पुरानी हो चली थी और बाजार में टिके रहने के लिए इसे एक बड़े अपडेट की जरूरत थी। कहा जा रहा है कि कंपनी देश में 2023 में नई जेनरेशन डस्टर को लॉन्च करने की योजना बना रही है। हालाँकि इन अटकलों के बीच भारत में रेनो की एक नई कार को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जो रेनो अर्काना है और इसके टेस्टिंग प्रोपोटाइप को चेन्नई में देखा गया है। इन तस्वीरों का श्रेय मुकेश_हाफबाइकर को जाता है।

अर्काना मूलरूप से रेनो की एक कूप स्टाइल एसयूवी है और इसे रूस जैसे कई अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बेचा जाता है।रेनो अर्काना मूलरूप से ब्रांड के मॉडल B0 प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिस पर भारत में पहले बेची गई रेनो कैप्चर और डस्टर भी आधारित थी। इसके अलावा रेनो इंडिया ने नवंबर 2021 में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अर्काना एसयूवी का टीजर भी जारी किया था। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या रेनो भारत में डस्टर की जगह पर अर्काना को लॉन्च करेगी।Renault Arkanaइसके अलावा यह भी संभव है कि यह एक टेस्टिंग प्रोपोटाइप है, जिसके माध्यम से रेनो भारतीय बाजार के लिए इसके कुछ घटकों की उपयुक्तता की जाँच करने के लिए कुछ प्रारंभिक परीक्षण कर रही है, क्योंकि कुछ महीने पहले भी रेनो को देश में कोलियोस के एक यूनिट को संभवतः इसी तरह के कारणों से टेस्टिंग करते हुए देखा गया था।

रेनो अर्काना की बात करें तो इसकी शुरूआत 2018 में कॉन्सेप्ट के रूप में हुई थी और रेनो ने इसके डिजाइन में ज्यादा बदलाव किए बिना 2019 में रूस में इसे लॉन्च किया था, जबकि बाद के चरणों में इसे कोरिया और यूके जैसे अन्य बाजारों में भी लॉन्च किया गया। यह कार 4,545 मिमी लंबी, 1,820 मिमी चौड़ी और 1,565 मिमी ऊंची है। इसका व्हीलबेस 2,721 मिमी है, जबकि इसमें AWD एडिशन में 205 मिमी और फ्रंट व्हील ड्राइव वर्जन में 208 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस है।Renault Arkanaइस तरह यह इंडियन स्पेक डस्टर या कैप्चर, जीप कम्पास से ज्यादा लंबी और टाटा हैरियर या एमजी हेक्टर से थोड़ी छोटी है। चौड़ाई के मामले में यह कंपास या डस्टर जैसे मॉडलों के बराबर है। हालाँकि कूप जैसी स्टाइल के कारण इसकी ऊंचाई काफी कम है। इसमें डीआरएल और स्टाइलिश टेल-लैंप हैं और इसे अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कई पावरट्रेन विकल्प मिलते हैं, जिनमें माइल्ड हाइब्रिड और हाइब्रिड भी शामिल हैं।

रेनो अर्काना को 1.3 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ बेचा जाता है और इसमें एक ऑटोमेटिक गियरबॉक्स भी शामिल है। वर्तमान में यह कंपनी भारत में काइगर, क्विड और ट्राइबर की बिक्री करती है। ऐसे में अगर कंपनी देश में अर्काना को लॉन्च करती है, तो इसका मुकाबला टाटा हैरियर और एमजी हेक्टर जैसी कारों से होगा और इसकी कीमत 12-20 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) के आसपास हो सकती है।