
Bajaj Pulsar NS400Z अब 18% जीएसटी स्लैब में आ गई है, जिसके चलते भारत में इसकी ऑन-रोड कीमत करीब 24,500 रुपये तक कम हो गई है
बजाज ऑटो ने भारतीय बाजार में Pulsar NS400Z को 350cc इंजन के साथ लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत 1.80 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। कंपनी का कहना है कि छोटे 350cc इंजन के इस्तेमाल से यह बाइक अब 18% जीएसटी स्लैब में आ गई है, जिससे इसकी ऑन-रोड कीमत में करीब 24,500 रुपये तक की कमी हुई है।
Pulsar NS400Z ब्रांड की फ्लैगशिप बाइक है और यह नया 350cc इंजन Bajaj Dominar 400 के साथ साझा करती है, जिसे हाल ही में 2.03 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) की कीमत पर लॉन्च किया गया था। इंजन के अलावा बाइक के डिजाइन और फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसमें पहले की तरह ही कई प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं, जिनमें मल्टीपल राइड मोड्स, क्विक शिफ्टर, ट्रैक्शन कंट्रोल, डुअल-चैनल एबीएस, रेडियल टायर्स और ब्लूटूथ कनेक्टेड इंस्ट्रूमेंट कंसोल शामिल हैं। बजाज के अनुसार, 350cc इंजन की वजह से बाइक की शुरुआती कीमत कम हुई है, साथ ही इंश्योरेंस और रजिस्ट्रेशन कॉस्ट भी कम हो गई है, जिससे कुल ओनरशिप खर्च घटा है। पहले 373cc इंजन के साथ इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.93 लाख रुपये थी।

नई Pulsar NS400Z में 349 cc सिंगल-सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 9000 आरपीएम पर 40 bhp की पावर और 7500 आरपीएम पर 33.2 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है। हालांकि, पुराने 373cc इंजन के मुकाबले इसमें 2.4 bhp पावर और 1.8 Nm टॉर्क की थोड़ी कमी आई है, लेकिन इसका पावर-टू-वेट रेशियो 247 bhp प्रति टन बना हुआ है।
इस लॉन्च पर बजाज ऑटो के मोटरसाइकिल बिजनेस यूनिट के प्रेसिडेंट Sarang Kanade ने कहा कि नया 349cc इंजन हाई-परफॉर्मेंस बाइकिंग को ज्यादा लोगों के लिए सुलभ बनाता है। 18% जीएसटी के फायदे के साथ ग्राहकों को कम कीमत में वही दमदार NS एक्सपीरियंस मिलेगा।

पहले सभी टू-व्हीलर्स पर 28% जीएसटी लगता था, लेकिन सितंबर 2025 में GST 2.0 लागू होने के बाद इंजन क्षमता के आधार पर टैक्स स्लैब बदल दिए गए थे। 350cc से ज्यादा इंजन वाली बाइक्स पर टैक्स 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया, जिससे NS400Z भी प्रभावित हुई थी। अब 350 cc इंजन के साथ यह फिर से कम टैक्स स्लैब में आ गई है, जिससे इसकी कीमत में कमी आई है।