
Pulsar N160 लाइन-अप में नया वेरिएंट गोल्डन रंग के यूएसडी फ्रंट फोर्क्स और सिंगल-पीस सीट के साथ आता है
बजाज ऑटो लिमिटेड ने आज भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय पल्सर N160 का नया वेरिएंट लॉन्च किया है। इस नए मॉडल में गोल्ड USD फॉर्क्स और सिंगल-सीट सेटअप दिया गया है, जिससे राइडिंग कम्फर्ट और कंट्रोल पहले से बेहतर हो जाता है। यह अपडेटेड वेरिएंट पल्सर की स्पोर्ट्स बाइकिंग को ज़्यादातर लोगों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। नई पल्सर N160 की कीमत 1,23,983 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) रखी गई है और यह पूरे भारत में उपलब्ध होगी।
यह नया वेरिएंट उन राइडर्स के लिए बनाया गया है जो सिंगल सीट की सुविधा चाहते हैं, लेकिन साथ ही USD फॉर्क्स द्वारा मिलने वाली सटीक हैंडलिंग, बेहतर कंट्रोल और दमदार रोड प्रेज़ेंस का भी आनंद लेना चाहते हैं। इससे रोज़ाना चलाने में आसानी बढ़ती है, जबकि बाइक का स्पोर्टी और एग्रेसिव लुक पहले की तरह ही आकर्षक बना रहता है।
शुरू में पल्सर N160 को स्प्लिट सीट के साथ लॉन्च किया गया था, जिसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन बाद में पता चला कि इस बाइक को खरीदने वाले कई ग्राहक फैमिली राइडिंग के लिए सिंगल सीट को ज़्यादा पसंद करते हैं। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए नए गोल्ड USD फॉर्क और सिंगल सीट वेरिएंट को तैयार किया गया है, जो ग्राहकों के लिए एक बढ़िया संतुलित विकल्प बन जाता है। यह वेरिएंट चार नए और आकर्षक रंगों में उपलब्ध होगा, जिनमें पर्ल मेटैलिक व्हाइट, रेसिंग रेड, पोलर स्काई ब्लू और ब्लैक शामिल है। डिज़ाइन के मामले में यह बाइक N सीरीज़ की मजबूत और स्पोर्टी पहचान को और आगे बढ़ाती है।

लॉन्च के दौरान बजाज ऑटो लिमिटेड के MCBU अध्यक्ष सारंग कनाडे ने कहा कि “गोल्ड USD फोर्क्स और सिंगल सीट वाली नई पल्सर N160 को ग्राहकों की पसंद और बदलती बाज़ार जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह नया अपडेट बेहतर आराम, प्रीमियम लुक और बेहतरीन कंट्रोल देता है। उन्होंने कहा कि N सीरीज़ हमेशा पावर, सटीक हैंडलिंग और शानदार राइडिंग अनुभव के लिए जानी जाती है। हमें उम्मीद है कि नई पल्सर N160 से नए पल्सर फैंस जुड़ेंगे और वे ‘डिफ़िनिटली डेरिंग’ यानी साहसी राइडिंग अनुभव की दुनिया से परिचित होंगे।”
नए फ्रंट सस्पेंशन और सीट के अलावा, पल्सर N160 UG में फीचर्स, हार्डवेयर और इंजन स्पेसिफिकेशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें USB मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, बाई-फंक्शनल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और ABS राइड मोड्स जैसे फीचर्स पहले जैसे ही हैं। इस बाइक का ग्राउंड क्लीयरेंस 165 मिमी है और इसका वज़न 152 किलोग्राम है।

पल्सर N160 UG में 164.82 सीसी सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड पेट्रोल इंजन लगा है जो 8750 आरपीएम पर 15.7 बीएचपी की अधिकतम पावर और 6750 आरपीएम पर 14.6 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।