
नई Tata Sierra आने वाले महीनों में पेट्रोल-डीजल के साथ साथ इलेक्ट्रिक वर्जन में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी
टाटा मोटर्स की नई सिएरा को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और अब इसका प्रोडक्शन वर्जन फिर से दिखा है, जो इस बार लगभग बिना कवर के नजर आया है। इससे पहली बार इस आने वाली मिड-साइज एसयूवी की झलक साफ-साफ देखने को मिली है। हाल ही में इसकी एक यूनिट को फ्लैट-बेड ट्रक पर पीले रंग में देखा गया है। ये वही रंग है जो इस साल की शुरुआत में ऑटो एक्सपो में काफी चर्चा में था।
टाटा नई सिएरा को आईसी-इंजन और इलेक्ट्रिक, दोनों संस्करण पेश करेगी, जिनमें से इलेक्ट्रिक वर्जन के पहले आने की उम्मीद है। इसके तुरंत बाद इसका पेट्रोल-डीजल वर्जन लॉन्च किया जाएगा। हालाँकि टाटा ने लॉन्च की समय-सीमा गुप्त रखी है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि यह मिडसाइज़ एसयूवी अगले तीन से चार महीनों में शोरूम में पहुँच जाएगी।
हैरियर और सफारी के लंबे समय से इंतज़ार किए जा रहे पेट्रोल वर्जन भी जल्द लॉन्च होने वाले हैं। पावरट्रेन (इंजन) के हिसाब से डिज़ाइन में बड़ा अंतर लाने के बजाय, टाटा मोटर्स सिएरा की पूरी रेंज के लिए एक जैसा लुक देने पर काम कर रही है। यानी ICE (पेट्रोल/डीजल) और EV (इलेक्ट्रिक) दोनों वर्जन का बाहरी डिज़ाइन लगभग एक जैसा होगा। हालांकि थोड़े बहुत स्टाइलिंग बदलाव देखने को मिलेंगे।

सामने की तरफ इस एसयूवी में बंद ग्रिल पैनल, शार्प लाइन वाला बोनट और पूरी चौड़ाई में फैली लाइट स्ट्रिप से जुड़े एलईडी हेडलैंप होंगे, जो इसे एक दमदार लुक देंगे। इसका मस्कुलर बंपर और उभरा हुआ बॉडी डिज़ाइन इसे एक मॉडर्न एसयूवी जैसा स्टाइलिश रूप देता है। पीछे की तरफ भी आने वाली टाटा सिएरा अपनी पहचान वाली बॉक्सी (चौकोर) डिज़ाइन थीम को बनाए रखेगी।
डिज़ाइन में एक पतली एलईडी लाइट बार है जो टेलगेट की पूरी चौड़ाई में फैली हुई है। एक एकीकृत रूफ स्पॉइलर, शार्क-फिन एंटीना, ऊँची जगह पर लगा स्टॉप लैंप और चौकोर टेलगेट इसके अन्य मुख्य आकर्षण हैं। इंजन से चलने वाली टाटा सिएरा में ब्रांड का नया 1.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड, चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन होने की उम्मीद है।

यह 168 पीएस की पावर और 280 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। इसके साथ ही, टाटा 2.0-लीटर डीजल इंजन भी जारी रखेगी, जो लगभग 170 पीएस की पावर और 350 एनएम का टॉर्क उत्पन्न कर सकता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल होने की उम्मीद है। इस इलेक्ट्रिक कार में दो बैटरी पैक का इस्तेमाल किया जाएगा और इसकी ड्राइविंग रेंज 500 किमी से ज़्यादा बताई गई है।