
Norton Atlas और Atlas GT में 585 cc का पैरलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 9,300 rpm पर 69 bhp की अधिकतम पावर और 7,300 rpm पर 57.5 Nm का पीक टॉर्क उत्पन करता है
Norton Motorcycles ने अपनी नई Atlas एडवेंचर मोटरसाइकिल का प्रोडक्शन भारत में आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया है। कंपनी की पहली Norton Atlas भारत के तमिलनाडु स्थित टीवीएस मोटर कंपनी के होसुर प्लांट से रोल-आउट हुई है। इस मॉडल को अगले महीने वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया जाएगा, जबकि इसकी बिक्री तीसरी तिमाही (Q3) में शुरू होने की उम्मीद है।
इस मौके पर होसुर प्लांट में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल की ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर डॉ. सुतापा चौधरी भी मौजूद रहीं। Norton Atlas ब्रिटेन में डिजाइन और इंजीनियर की गई है, जबकि इसका उत्पादन TVS Motor की अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में किया जा रहा है।
नई Norton Atlas कंपनी के लिए बेहद महत्वपूर्ण मॉडल है क्योंकि इसके जरिए ब्रांड एडवेंचर और स्पोर्ट-टूरिंग सेगमेंट में वापसी कर रहा है। Atlas के साथ Atlas GT वर्जन भी पेश किया जाएगा। दोनों मॉडल दुनिया भर के बाजारों के लिए विकसित किए गए हैं और Norton की वैश्विक विस्तार रणनीति का अहम हिस्सा हैं। यह मॉडल EICMA 2025 में पेश की गई नई Manx और Atlas फैमिली का हिस्सा है।

तकनीकी रूप से Norton Atlas में नया 585cc लिक्विड-कूल्ड पैरलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 9,300 rpm पर 69 bhp की अधिकतम पावर और 7,300 rpm पर 57.5 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। इसमें 270-डिग्री फायरिंग ऑर्डर का इस्तेमाल किया गया है। Norton Atlas में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसके साथ कंपनी ने बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर और असिस्ट-एंड-स्लिपर क्लच भी शामिल किया है, जिससे गियर शिफ्टिंग और ज्यादा स्मूथ हो जाती है। कंपनी के अनुसार इसकी माइलेज 23 किमी/लीटर है, जबकि सर्विस इंटरवल 10,000 किमी रखा गया है।
यह इंजन हल्के स्टील ट्रेलिस फ्रेम पर आधारित है। बाइक में Bosch का 6-एक्सिस IMU, कॉर्नरिंग-सेंसिटिव इलेक्ट्रॉनिक्स, 5 राइडिंग मोड, फुली एडजस्टेबल KYB सस्पेंशन, कॉर्नरिंग क्रूज़ कंट्रोल, 8-इंच TFT डिस्प्ले और नॉर्टन Rider ऐप कनेक्टिविटी जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं। Atlas को एडवेंचर राइडिंग के लिए तैयार किया गया है और इसमें 19-इंच का फ्रंट व्हील दिया गया है। वहीं Atlas GT में 17-इंच के दोनों पहिए मिलेंगे, जो इसे सड़क पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयुक्त बनाते हैं। नॉर्टन का कहना है कि इन दोनों बाइक्स में नई तकनीक और ब्रिटिश मोटरसाइकिलों की पुरानी विरासत का अच्छा मेल देखने को मिलता है।

TVS Motor Company के डायरेक्टर और CEO के. एन. राधाकृष्णन ने कहा कि “Atlas का प्रोडक्शन शुरू होना Norton और TVS दोनों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं, Norton Motorcycles के CEO रिचर्ड अर्नोल्ड के अनुसार, Atlas नाम लंबे समय से एडवेंचर मोटरसाइकिलिंग से जुड़ा रहा है और नई Atlas उसी विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाएगी।”