
किआ Sorento भारतीय बाजार में पेट्रोल-हाइब्रिड और डीजल इंजन के साथ उपलब्ध होगी और इसके लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है
किआ इंडिया ने अपनी नई प्रीमियम 3-रो एसयूवी Sorento का भारत में उत्पादन शुरू कर दिया है। कंपनी ने इसे आंध्र प्रदेश के अनंतपुर स्थित प्लांट में तैयार करना शुरू किया है। भारत में इस SUV को 4 सितंबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा। किआ ने Sorento की पहली आधिकारिक तस्वीरें भी जारी कर दी हैं।
इसके साथ ही इस SUV के लिए बुकिंग डीलरशिप और आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। भारत में लॉन्च होने के बाद Sorento कंपनी की फ्लैगशिप SUV होगी। यह प्रीमियम 3-रो SUV सेगमेंट में किआ की मौजूदगी को और मजबूत करेगी। खास बात यह है कि Sorento को भारत में ही बनाया जा रहा है, जिससे इसकी कीमत को कम रखने में मदद मिल सकती है।
किआ Sorento को भारत में हाइब्रिड और डीजल पावरट्रेन के साथ पेश किया जाएगा। इसका हाइब्रिड वर्जन ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम के साथ आएगा। यह किआ इंडिया के लिए खास होगा, क्योंकि कंपनी की मौजूदा SUV लाइनअप में इस तरह का हाइब्रिड AWD सेटअप देखने को नहीं मिलता है।

Sorento का डिज़ाइन किआ के Tiger Nose ग्रिल से लैस है। इसके अलावा SUV में अलग डिजाइन वाली लाइट्स, ऊंचा और मजबूत फ्रंट प्रोफाइल और बड़ा बॉडी स्ट्रक्चर दिया गया है। इसका पूरा डिज़ाइन इसे एक प्रीमियम और दमदार SUV का लुक देता है। Sorento में इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए 12.3-इंच की स्क्रीन दी गई है। वहीं, बीच में मिलने वाली 5-इंच की क्लाइमेट कंट्रोल टचस्क्रीन इसमें नहीं दी गई है।
अंदर की बात करें तो केबिन को भी काफी प्रीमियम रखा गया है। इसमें आधुनिक फीचर्स और बेहतर टेक्नोलॉजी देखने को मिलेगी। Sorento की सबसे खास तकनीकी खूबियों में से एक इसका AI Assistant है। यह Live Generative AI तकनीक पर काम करेगा। भारत Sorento के लिए दुनिया का पहला ऐसा बाजार होगा, जहाँ यह तकनीक पेश की जाएगी।

यह सिस्टम सामान्य वॉइस कमांड से आगे जाकर बातचीत के जरिए सवालों के जवाब देने और लगातार अपडेट होने वाली जानकारी तक पहुंचने में सक्षम होगा। इससे कार के अंदर टेक्नोलॉजी का अनुभव और बेहतर होने की उम्मीद है। भारत में बनने वाली पहली Sorento को आंध्र प्रदेश के अनंतपुर प्लांट में तैयार किया गया है। किआ 2019 से भारत में इसी प्लांट में अपनी कारों का प्रोडक्शन कर रही है।