ओला के Gen 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर 320 किमी तक की रेंज के साथ हुए लॉन्च – कीमत 79,999 रुपये से शुरू

ओला ने जेनेरशन 3 इलेक्ट्रिक स्कूटरों को नए फीचर्स, ज्यादा रेंज और पावर के साथ लॉन्च किया है और इनकी कीमत 79,999 रुपये से शुरू होती है

ओला इलेक्ट्रिक ने भारतीय बाजार में अपने नए जेनेरशन 3 इलेक्ट्रिक स्कूटरों की रेंज को लॉन्च किया है और इनकी कीमतें अब S1 X (2kWh) वेरिएंट के लिए 79,999 से शुरू होती है, जो S1 Pro+ 5.3kWh वेरिएंट के लिए 1,69,999 रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। Gen 3 इलेक्ट्रिक स्कूटरों की डिलीवरी 15 फरवरी से शुरू होगी और बुकिंग कल से खुली है।

सभी वेरिएंट की कीमतों की बात करें तो Ola S1X के 2 kWh, 3 kWh और 4 kWh बैटरी पैक की कीमत 79,999 रुपये, 89,999 रुपये और 99,999 रुपये है। वहीं 4 kWh S1X+ वेरिएंट की कीमत 1,07,999 रुपये है। 3 kWh और 4 kWh S1 Pro की कीमत 1,14,999 रुपये और 1,34,999 रुपये है। वहीं S1 Pro+ की कीमत 4 kWh वेरिएंट के लिए 1,54,999 रुपये और 5.3 kWh वेरिएंट के लिए 1,69,999 रुपये (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम) है।

Ola के Gen 3 Electric Scooters में कई बदलाव किये गए हैं। अब इनमें एक नई मिड-ड्राइव मोटर लगाई गई है, जो हब-मोटर की जगह लेती है और इससे 4 फीसदी अधिक एनर्जी मिलती है। साथ ही कंपनी ने बेल्ट ड्राइव को हटाकर अब चेन  ड्राइव सिस्टम दिया है। बेहतर रेंज के लिए एक एकीकृत एमसीयू (मोटर कंट्रोल यूनिट) मिलता है। कंपनी ने जेन 3 में ब्रेक-बाय-वायर तकनीक को शामिल किया है।

New Gen Ola Electric Scooters3

नई सीटों, बेहतर एर्गोनॉमिक्स और नए बॉडी ग्राफिक्स के साथ डिजाइन को थोड़ा अपडेट किया गया है। ओला S1 X+ और S1 X को पोर्सिलेन व्हाइट, इंडस्ट्रियल सिल्वर, जेट ब्लैक, मिडनाइट ब्लू, पैशन रेड में ख़रीदा जा सकता है, जबकि S1 Pro और S1 Pro+ में एक नया स्टेलर ब्लू रंग भी मिलता है। Ola S1 Pro+ (5.3kWh और 4kWh) में 13 किलोवाट मोटर मिलती है जो केवल 2.1 और 2.3 सेकंड में 0-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेता है और इनकी टॉप स्पीड क्रमश: 141 Kmph और 128 Kmph है।

S1 Pro+ (4680 भारत सेल के साथ 5.3kWh) 320 किमी (IDC) की रेंज के साथ आता है, जबकि 4kWh S1 Pro 242 किमी (IDC) की रेंज के साथ आता है। S1 Pro+ में चार राइडिंग मोड मिलते हैं, जिनमें हाइपर, स्पोर्ट्स, नॉर्मल और इको शामिल है। साथ ही इसमें डुअल एबीएस और फ्रंट और रियर में डिस्क ब्रेक भी मिलता है। इसमें आरामदायक टू-टोन सीट के साथ उन्नत एर्गोनॉमिक्स, बॉडी-कलर्ड मिरर, नया ग्रैब हैंडल भी मिलता है।

New Gen Ola Electric Scooters2

वहीं 11 किलोवाट मिड-ड्राइव मोटर द्वारा संचालित, S1 प्रो (4kWh और 3kWh) वेरिएंट 242 किमी और 176 किमी की रेंज के साथ आते हैं। दोनों वेरिएंट महज 2.7 सेकंड में 0-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेते हैं। बिल्कुल नया S1 प्रो चार राइडिंग मोड्स हाइपर, स्पोर्ट्स, नॉर्मल और इको के साथ सिंगल एबीएस और डुअल डिस्क ब्रेक के साथ उपलब्ध है।

इसी तरह S1 X रेंज का प्रमुख स्कूटर, S1 X+ 4kWh बैटरी पैक और 11 किलोवाट मिड-ड्राइव मोटर के साथ आता है। इस  स्कूटर में बेहतर आराम के लिए नए सीट फोम, स्पोर्टी बॉडी डिकल्स, 4.3-इंच रंग-सेगमेंटेड डिस्प्ले और फ्रंट में डिस्क ब्रेक मिलता है और इसमें 242 किमी की रेंज मिलती है। वहीं S1 X इलेक्ट्रिक स्कूटर के 2 kWh, 3 kWh और 4 kWh बैटरी पैक में क्रमश: 108 किमी, 176 किमी और 242 किमी की रेंज मिलती है।

New Gen Ola Electric Scooters1

इसके साथ ही MoveOS 5 बीटा फरवरी के मध्य से उपलब्ध होगा। MoveOS 5 स्मार्टवॉच ऐप, स्मार्ट पार्क, भारत मूड, ओला मैप्स द्वारा संचालित रोड ट्रिप मोड, लाइव लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी एसओएस और बहुत कुछ सहित कई नई सुविधाओं से लैस होगा।