4680 Bharat Cell से लैस ओला रोडस्टर X+ 9.1 kWh की कीमत अब 1.90 लाख से घटाकर 1.30 लाख कर दी गई है, हालांकि यह सीमित समय के लिए है
ओला इलेक्ट्रिक ने भारतीय बाजार में Roadster X+ 9.1 kWh की कीमत में 60,000 रुपये की कटौती कर दी है। इस कीमत में कमी का कारण कंपनी की गीगाफैक्ट्री में बनाए जा रहे 4680 Bharat Cell के प्रोडक्शन में तेजी को बताया गया है। यह बैटरी इस इलेक्ट्रिक बाइक में स्टैंडर्ड रूप से दी जाती है। कंपनी के अनुसार, उत्पादन बढ़ने से लागत कम हुई है और इसका फायदा सीधे ग्राहकों को दिया जा रहा है।
अब Roadster X+ 9.1 kWh की कीमत 1.90 लाख से घटकर 1.30 लाख (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) हो गई है। हालांकि, नई कीमत पर यह इलेक्ट्रिक बाइक सीमित समय के लिए ही उपलब्ध होगी। कंपनी इसे “लिमिटेड परचेज विंडो” मॉडल के तहत बेचेगी, जिसमें सीमित यूनिट्स तय समय स्लॉट में ही खरीदी जा सकेंगी।
पहली खरीद विंडो 3 अप्रैल, शुक्रवार को शाम 6 बजे से 9 बजे तक खुलेगी। इसके बाद की विंडो प्रोडक्शन के अनुसार समय-समय पर घोषित की जाएंगी। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि 4680 Bharat Cell के उत्पादन बढ़ने से लागत में काफी कमी आई है, जिससे ग्राहकों को सीधा फायदा मिल रहा है।

साथ ही, #EndICEAge कैंपेन के दौरान इस बाइक की मांग 5 गुना तक बढ़ गई है और नई कीमत इसे और ज्यादा लोगों के लिए किफायती बनाती है। ओला इलेक्ट्रिक के अनुसार, इस बैटरी से लैस Roadster X+ 9.1 kWh की मांग सप्लाई से कहीं ज्यादा हो चुकी है। यह इलेक्ट्रिक बाइक एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 500 किमी तक की रेंज देने का दावा करती है।
कंपनी की 4680 Bharat Cell पूरी तरह भारत में डिजाइन और निर्मित की गई है। प्रोडक्शन बढ़ने से लागत में कमी आई है और कंपनी अपनी गीगाफैक्ट्री की क्षमता को 6 GWh तक बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। ओला इलेक्ट्रिक धीरे-धीरे TVS Motor Company, Ather Energy और Bajaj Auto जैसे प्रतिस्पर्धियों से खोई हुई पकड़ को वापस हासिल कर रही है।

मार्च 2026 में ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। कंपनी ने रजिस्ट्रेशन में 150% से ज्यादा महीने-दर-महीने वृद्धि दर्ज की और कुल 10,117 यूनिट्स तक पहुंच गई। वहीं, महीने के आखिरी सप्ताह में रोजाना ऑर्डर 1,000 यूनिट्स से ज्यादा हो गए। कंपनी की मार्केट शेयर में भी सुधार हुआ है, जिसका कारण बेहतर सर्विस और ग्राहकों को बेहतर अनुभव देना बताया जा रहा है।