Ola Roadster X+ 4.5 Kwh की डिलीवरी पूरे भारत भर में शुरू – रेंज 252 किमी, टॉप स्पीड 125 Km/h

Ola Roadster X+ 4.5 Kwh 252 किमी की रेंज का दावा करती है और इसकी टॉप स्पीड 125 Km/h की है

ओला इलेक्ट्रिक ने फरवरी 2025 में Roadster सीरीज को 75,000 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था, हालांकि अब कीमत 99,999 रुपये से शुरू होती है। वहीं Ola Roadster X+ 4.5 Kwh की कीमत वर्तमान में 1.30 लाख रुपये है, जिसमें फरवरी 2025 के मुकाबले 25,000 रुपये की वृद्धि की गई है। कंपनी ने अब इसकी डिलीवरी पूरे भारत में शुरू कर दी है। इससे पहले, ब्रांड ने पहले 5,000 खरीदारों की रुचि बढ़ाने के लिए 10,000 रुपये का सीमित समय का लाभ दिया था।

ओला रोडस्टर X+ 4.5 kWh, X+ रेंज का एंट्री-लेवल वेरिएंट है। इसके टॉप-एंड वेरिएंट में 9.1 kWh बैटरी पैक लगा है और इसकी कीमत 2.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। X+ 9.1 kWh की डिलीवरी नवंबर के मध्य से शुरू होने की संभावना है। दोनों वेरिएंट में 11 kW की इलेक्ट्रिक मोटर स्टैंडर्ड दी गई है।

रोडस्टर X+ 4.5 की बात करें तो, यह एक बार चार्ज करने पर 252 किमी की IDC रेंज प्रदान करता है। यह इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल मात्र 2.7 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी अधिकतम स्पीड 125 किमी/घंटा है। इसे इंडस्ट्रियल सिल्वर, एन्थ्रेसाइट, स्टेलर ब्लू, पाइन ग्रीन और सेरेमिक व्हाइट कलर में ख़रीदा जा सकता है। X+ 4.5 kWh को 0-80 प्रतिशत चार्ज होने में 5.9 घंटे लगते हैं।

Ola Roadster X Series2

रोडस्टर X+ 4.5 kWh में स्पोर्ट्स, नॉर्मल और इको मोड भी मिलता है। सस्पेंशन की बात करें तो इसमें फ्रंट में टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ़ डुअल-शॉक एब्ज़ॉर्बर मिलता है। 18-इंच के अलॉय व्हील्स वाली इस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल में आगे की तरफ़ डिस्क और पीछे की तरफ़ ड्रम ब्रेक स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं। इसके आगे की तरफ़ एलईडी हेडलैंप भी है।

रोडस्टर X+ 4.5 kWh के कुछ उल्लेखनीय फीचर्स में क्रूज़ कंट्रोल, रीजनरेटिव ब्रेकिंग, ब्रेक-बाय-वायर, रिवर्स मोड, हाइपरचार्जिंग, OTA अपडेट, एडवांस्ड रीजन सेटिंग्स, एनर्जी इनसाइट्स और USB चार्जिंग के साथ 4.3-इंच रंगीन LCD डिस्प्ले शामिल हैं। इसमें ओला का नवीनतम Move OS 5 सिस्टम और 3 साल/50,000 किमी की बैटरी वारंटी भी मिलती है।

Ola Roadster X Series1

4.5 kWh बैटरी पैक P67 वाटरप्रूफ और डस्ट-प्रूफ सर्टिफिकेशन के साथ आता है। ओला इलेक्ट्रिक ने कीमत को आक्रामक बनाए रखने के लिए मोटरसाइकिल में चेन ड्राइव और इंटीग्रेटेड MCU लगाया है।