ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर को इस महीने के अंत तक पेश किया जा सकता है, जो एक बार चार्ज होने पर 150 किमी की रेंज देगा
भारत सरकार साल 2030 तक देश में पेट्रोल डीजल से चलने वाले वाहनों को कम कर देना चाहती है और कई कार व दोपहिया निर्माता सरकार के इस लक्ष्य के साथ कदमताल कर रही हैं, जिसमें कैब एग्रीगेटर्स ओला भी शामिल है। ओला भारत में अपना एक नया स्कूटर लेकर आ रही है और आने वाले दिनों में हम इसे भारत की सड़कों पर चलते हुए देखेंगे।
ओला ने अब अपने इस आगामी स्कूटर की एक झलक दिखाई है, जिसके वीडियो को ओला कैब्स के सीईओ भाविश अग्रवाल ने ट्विटर पर जारी किया है। इस वीडियो से स्कूटर के डिजाइन और सड़क पर प्रदर्शन के बारे में विचार मिलता है। ओला के पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को महीने के अंत तक पेश किया जा सकता है और इसकी कीमत लगभग 1 लाख रूपए होगी। ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में इंस्ट्रूमेंट कंसोल के लिए एक टीएफटी एलसीडी यूनिट मिलेगा और इसे नए जमाने की कनेक्टेड सुविधाओं के साथ पेश किया जाएगा, जो ओला कि इलेक्ट्रिक ऐप के साथ मिलकर काम करेगा।
उम्मीद है कि स्कूटर एक बार चार्ज होने पर लगभग 150 किमी की रेंज देगा और इसकी अधिकतम स्पीड 90 किमी प्रति घंटे होने की उम्मीद है। भारत में लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला एथर 450X से होगा। उम्मीद है कि ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ एक होम चार्जर दिया जिसे जाएगा जिसे साधारण वॉल सॉकेट पर लगा कर स्कूटर को चार्ज किया जा सकता है। स्कूटर पूरी तरह से चार्ज होने में 2-2.5 घंटे का समय लेगा।
इसके अलावा ओला शहर में खरीददारों के आसपास चार्जिंग स्टेशनों के न होने की समस्या से निजात दिलाने के लिए चार्जिंग नेटवर्क भी स्थापित करेगी। कंपनी देश के कुल 100 शहरों में करीब 5,000 से ज्यादा फास्ट-चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी।ओला का कहना है कि कंपनी के ये फास्ट-चार्जिंग स्कूटर की बैटरी को महज 18 मिनट में 50 फीसदी चार्ज करने की क्षमता रखेगें और 18 मिनट का चार्ज लगभग 75 किमी की रेंज देगा।
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को पेश करने के साथ ओला कैब्स का मुख्य फोकस देश में ज्यादा सुलभ और टिकाऊ कनेक्टेड ट्रांसपोर्टेशन की पेशकश करना है। बता दें कि इस इलेक्ट्रिक स्कूटर का उत्पादन तमिलनाडु में कंपनी के निर्माण सुविधा में किया जाएगा, जिसके लिए करीब 2,400 करोड़ से अधिक का निवेश हुआ है
ओला का यह इलेक्ट्रिक स्कूटर कई आधुनिक फीचर्स से लैस होगा और इस स्कूटर में एलईडी लाइट, डिजिटल डिस्प्ले, क्लाउड कनेक्टिविटी, रिमूवेबल लिथियम-आयन बैटरी, टेलीस्कोपिक फोर्क सस्पेंशन और अलॉय व्हील्स दिए जाएंगे। मेड-इन-इंडिया स्कूटर को भारत में बेचे जाने के अलावा यूरोप, यूके, लैटिन अमेरिका, एशिया पैसिफिक, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों में में भी निर्यात किया जाएगा।