
Norton Atlas और Atlas GT में 585 सीसी का लिक्विड-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन मिलता है, जो 9,300 आरपीएम पर 69 बीएचपी की पावर और 7,500 आरपीएम पर 57 Nm का पीक टॉर्क देता है
टीवीएस की ब्रिटिश ब्रांड Norton Motorcycles ने अपनी नई Atlas और Atlas GT एडवेंचर बाइक्स के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स से पर्दा उठा दिया है। इन बाइक्स को इंग्लैंड के Solihull स्थित Norton मुख्यालय में डिजाइन किया गया है, जबकि इनका निर्माण भारत में तमिलनाडु के होसुर स्थित TVS फैक्ट्री में किया जाएगा।
दोनों मोटरसाइकिलों में 585cc का पैरेलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 9,300 आरपीएम पर 69 बीएचपी की पावर और 7,500 आरपीएम पर 57.5 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन में 270-डिग्री क्रैंकशाफ्ट कॉन्फिगरेशन और सेगमेंट-बेस्ट APS (Atmospheric Plasma Spray) कोटिंग का इस्तेमाल किया गया है।
Norton Atlas और Atlas GT कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज अपनाने वाली पहली मोटरसाइकिलें हैं। हालांकि दोनों मॉडल एक जैसे दिखते हैं, लेकिन उनकी राइडिंग पोजिशन और सस्पेंशन सेटअप अलग हैं। Atlas में लंबा व्हीलबेस, ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस और 180 मिमी सस्पेंशन ट्रैवल मिलता है, जबकि Atlas GT अधिक रोड-फोकस्ड है और इसमें 140 मिमी सस्पेंशन ट्रैवल दिया गया है।

दोनों बाइक्स में पूरी तरह एडजस्टेबल 43 मिमी USD फ्रंट फोर्क्स और KYB मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। Atlas का वजन 188 किलोग्राम और Atlas GT का वजन 192 किलोग्राम है। फीचर्स की बात करें तो Norton ने इन बाइक्स को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स से लैस किया है।
इनमें मल्टी-प्लेट स्लिपर क्लच, बाय-डायरेक्शनल क्विक शिफ्टर, लीन-सेंसिटिव ABS, कॉर्नरिंग ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग क्रूज़ कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, व्हीकल होल्ड फंक्शन, व्हीली कंट्रोल, स्लाइड कंट्रोल और पांच राइडिंग मोड्स दिए गए हैं। इसके अलावा 8-इंच TFT डिस्प्ले, इंटीग्रेटेड नेविगेशन और Norton Rider ऐप कनेक्टिविटी भी मिलती है। हीटेड ग्रिप्स को ऑप्शनल फीचर के रूप में पेश किया जाएगा।

Norton Atlas में 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर एल्युमिनियम अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जबकि Atlas GT में 17-इंच फ्रंट और रियर कास्ट-अलॉय व्हील्स मिलते हैं। दोनों बाइक्स में 310 मिमी ड्यूल फ्लोटिंग फ्रंट डिस्क ब्रेक और रेडियल कैलिपर्स के साथ सेगमेंट-फर्स्ट ब्रेकिंग सेटअप दिया गया है। Atlas की सीट हाइट 845 मिमी है, जबकि Atlas GT में 815 मिमी की कम सीट हाइट मिलती है। लंबी यात्रा करने वालों की सुविधा के लिए कंपनी ने बाइक में ग्रैब हैंडल और लगेज लगाने की व्यवस्था सीधे चेसिस में दी है।




