निसान की नई Gravite 7-सीटर एमपीवी जनवरी 2026 में होगी लॉन्च

Nissan Gravite

निसान की बिल्कुल नई 7-सीटर Gravite को 2026 की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा और इसमें दो पॉवरट्रेन विकल्प मिलेंगे

निसान इंडिया ने अपनी आने वाली कॉम्पैक्ट एमपीवी का नाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है और इसे Gravite नाम दिया गया है। यह एमपीवी भारतीय बाजार के लिए निसान की प्रोडक्ट विस्तार रणनीति का अहम हिस्सा होगी। निसान ग्रेवाइट को रेनो ट्राइबर के साथ साझा किए गए CMF-A प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है।

इसका निर्माण तमिलनाडु के ओरगाडम प्लांट में किया जाएगा, जहाँ ट्राइबर भी बनती है। इससे निसान को लोकलाइजेशन और लागत में फायदा मिलेगा। जहाँ निसान अपनी बड़ी एसयूवी टेक्टन को 2026 के मध्य में पेश करने की तैयारी कर रही है, वहीं ग्रेवाइट उससे पहले लॉन्च होकर साल 2026 की निसान की पहली बड़ी पेशकश बनेगी।

कंपनी ने पुष्टि की है कि जनवरी 2026 में ग्रेवाइट की आधिकारिक लॉन्चिंग और बुकिंग शुरू होगी, जबकि मार्च 2026 से इसकी डिलीवरी और रिटेल बिक्री शुरू होने की उम्मीद है। दोबारा लोकप्रिय हो रहे एमपीवी सेगमेंट में निसान ग्रेवाइट को उतारा जाएगा। इसमें 7-सीटर लेआउट मिलेगा, जो ट्राइबर जैसा ही होगा।

Nissan Gravite (1)

इसका फोकस मॉड्यूलर सीटिंग पर रहेगा, जिससे यह फैमिली और मल्टी-यूज जरूरतों के लिए उपयुक्त बनेगी। निसान ने इसके टीज़र में इसके अलग और यूनिक एक्सटीरियर डिजाइन की झलक भी दी है, जो इसे ट्राइबर से अलग पहचान देता है। फ्रंट प्रोफाइल की बात करें तो ग्रेवाइट का लुक शार्प और सीधा नजर आता है। इसमें चौड़ा ब्लैक-आउट फेसिया दिया गया है, जिसके साथ पतली LED लाइट बार पूरी चौड़ाई में फैली है।

हेडलैंप इसी डार्क हाउसिंग में फिट किए गए हैं। बोनट पर हल्की क्रीज़ दी गई हैं और आगे की ओर Gravite की ब्रांडिंग साफ दिखाई देती है। पीछे की तरफ भी डिजाइन सादा लेकिन मजबूत है। स्लीक LED टेललैंप्स को एक डार्क स्ट्रिप से जोड़ा गया है, जिस पर निसान का लोगो मौजूद है। रूफ पर लगा स्पॉइलर, ठीक से फिट किया गया पीछे का कांच और सीधे खड़े टेलगेट पर Gravite की बैजिंग इसके लुक को और आकर्षक बनाती है।

Nissan Gravite (2)

निसान ग्रेवाइट में दो पेट्रोल इंजन विकल्प मिलेंगे, जिनमें एक 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और दूसरा 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल होगा। दोनों के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्प दिए जाएंगे। कीमत इसकी सबसे बड़ी खासियत हो सकती है। उम्मीद है कि ग्रेवाइट की कीमत रेनो ट्राइबर के आसपास रखी जाएगी और इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6 लाख रुपये से कम हो सकती है। इसके साथ ही निसान ने भारत में अपने डीलरशिप नेटवर्क को भी तेजी से बढ़ाने की योजना बनाई है और कंपनी देशभर में अपने शोरूम्स की संख्या बढ़ाकर 250 करने का लक्ष्य रखती है, जिससे बिक्री और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट बेहतर हो सके।