Nissan Gravite में 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 72 PS की पावर और 96 Nm का टॉर्क देता है
निसान ने भारत में अपनी नई 7-सीटर एमपीवी Gravite को लॉन्च कर दिया है और इसकी शुरुआती (इंट्रोडक्टरी) एक्स-शोरूम कीमत 5.65 लाख रुपये से लेकर 8.93 लाख रुपये रखी गई है। यह कीमत पहले 5,000 ग्राहकों के लिए लागू होगी, जिनके लिए कंपनी की ओर से अतिरिक्त फायदे भी दिए जा रहे हैं। Gravite का निर्माण चेन्नई प्लांट में स्थानीय तौर पर किया जा रहा है।
निसान Gravite की सबसे बड़ी ताकत इसका फ्लेक्सिबल सीटिंग लेआउट है। इसमें 2 से लेकर 7 यात्रियों तक बैठने की व्यवस्था की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर तीसरी पंक्ति को पूरी तरह हटाया भी जा सकता है, जिससे लगेज स्पेस काफी बढ़ जाता है। 5-सीटर सेटअप में बूट स्पेस 625 लीटर, 6-सीटर सेटअप में बूट स्पेस 320 लीटर और 7-सीटर सेटअप में बूट स्पेस 84 लीटर का हो जाता है।
यह MPV उसी CMF-A+ प्लेटफॉर्म पर बनी है, जिस पर रेनो Triber आधारित है, हालांकि Gravite को आगे और पीछे से अलग पहचान देने वाला नया डिजाइन दिया गया है। Gravite में 20.32 सेमी का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करता है। इसके अलावा 17.78 सेमी का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जिंग, ऑटोमैटिक LED हेडलैंप, वॉक-अवे लॉक, अप्रोच अनलॉक और फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर्स जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

केबिन में लेदरेट अपहोल्स्ट्री, फ्रंट आर्मरेस्ट, नेक सपोर्ट और कई स्टोरेज स्पेस दिए गए हैं। तीनों रो के लिए AC वेंट्स मौजूद हैं, साथ ही रियर पैसेंजर्स के लिए अलग एयरफ्लो कंट्रोल भी मिलता है। सेफ्टी के मामले में Gravite में 30 से ज्यादा स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें 6 एयरबैग, ESC, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, ABS के साथ EBD और सभी सीटों के लिए सीटबेल्ट रिमाइंडर शामिल हैं।
इंजन की बात करें तो इसमें 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 72 PS की पावर और 96 Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT का विकल्प मिलता है। माइलेज मैनुअल में 19.3 kmpl और AMT में 19.6 kmpl की है।

निसान Gravite पांच रंगों में उपलब्ध है, जिनमें Forest Green, Onyx Black, Blade Silver, Storm White और Metallic Grey शामिल हैं। कंपनी जल्द ही इसमें डीलर-फिटेड डुअल-सिलेंडर CNG किट का विकल्प भी देने वाली है। इसके अलावा Gravite लॉन्च एडिशन में JBL साउंड सिस्टम, डुअल-चैनल डैशकैम, एंबिएंट लाइटिंग, केबिन एयर प्यूरीफायर और कुछ अन्य अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती हैं।