निसान अगले 2 महीनो में भारतीय बाजार में MPV सहित उतारेगी 2 नई कारें

निसान ग्रेवाइट और टेकटन को 2026 के पहले दो महीनों में लॉन्च किया जाएगा और इसके बाद अगले वित्त वर्ष में 7-सीटर प्रीमियम एसयूवी भी आएगी

निसान ने भारतीय बाजार में लगातार दो बिल्कुल नए मॉडल लॉन्च करने की पुष्टि की है। नए साल की शुरुआत में जनवरी में ग्रेवाइट MPV लॉन्च होगी, जबकि फरवरी 2026 में ज्यादा अहम टेकटन मिडसाइज़ SUV पेश की जाएगी। ग्रेवाइट MPV को CMF-A प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा, जो रेनो ट्राइबर में भी इस्तेमाल होता है।

इसका उत्पादन तमिलनाडु के ओरगडम प्लांट में होगा। निसान ने बताया है कि इसकी बुकिंग जनवरी में शुरू होगी और मार्च 2026 से पूरे भारत में डिलीवरी दी जाएगी। ग्रेवाइट एक 7-सीटर MPV होगी, जिसमें सीटों को जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। डिजाइन के मामले में यह ट्राइबर से अलग दिखेगी। सामने की तरफ चौड़ा ब्लैक पैनल और पतली LED लाइट बार दी जाएगी, जबकि पीछे की ओर LED टेललैंप, सीधा टेलगेट और ग्रेवाइट बैजिंग मिलेगी।

इंजन की बात करें तो ग्रेवाइट में दो पेट्रोल इंजन विकल्प मिलेंगे, जिनमें 1.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड और 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल शामिल होगा। इसके साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प होगा। इसकी शुरुआती कीमत 6 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से कम हो सकती है, जिससे यह ट्राइबर और एंट्री-लेवल हैचबैक कारों को टक्कर देगी।

Nissan Gravite (1)

जहाँ ग्रेवाइट बिक्री बढ़ाने में मदद करेगी, वहीं टेकटन SUV निसान की ब्रांड वापसी की सबसे बड़ी उम्मीद होगी। इसे फरवरी 2026 में एक खास इवेंट के दौरान लॉन्च किया जाएगा। यह मिडसाइज़ SUV सेगमेंट में हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति ग्रैंड विटारा, टाटा सिएरा, टाटा कर्व, महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन जैसी गाड़ियों से मुकाबला करेगी।

टेकटन को नए CMF-B प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा, जो अगली जनरेशन रेनो डस्टर के साथ साझा होगा। इसी प्लेटफॉर्म पर 2027 में एक 7-सीटर SUV भी लाई जाएगी। डिजाइन में टेकटन का लुक दमदार होगा, जिसमें C-शेप LED लाइट्स और पीछे लाइट बार देखने को मिलेगी।

Nissan Tekton (1)

इंजन की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन लॉन्च के समय इसमें टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है। आगे चलकर इसमें हाइब्रिड और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) वेरिएंट भी आ सकते हैं।