
Nissan Tekton मिडसाइज एसयूवी को कुल 12 वेरिएंट्स और 2 टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ ख़रीदा जा सकता है
निसान ने भारत में अपनी नई Tekton मिडसाइज SUV की कीमतों का खुलासा कर दिया है। कंपनी की लाइनअप में Magnite से ऊपर आने वाली यह SUV देश के सबसे प्रतिस्पर्धी SUV सेगमेंट में उतारी गई है। नई Tekton का प्लेटफॉर्म Renault Duster के साथ साझा किया गया है, लेकिन इसका डिज़ाइन पूरी तरह अलग है और यह Nissan की फ्लैगशिप Patrol SUV से प्रेरित है।
इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 18.59 लाख रुपये तक जाती है।नई निसान Tekton को दो टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। पहला T160 इंजन 100 PS की पावर और 166 Nm का टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है और कंपनी के अनुसार इसका माइलेज 19.4 kmpl है।
वहीं, दूसरा T280 टर्बो पेट्रोल इंजन 163 PS की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड वेट ड्यूल-क्लच (DCT) ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है। मैनुअल वर्जन का दावा किया गया माइलेज 17.8 kmpl और DCT वर्जन का 18.5 kmpl है। ऑटोमैटिक वेरिएंट में पैडल शिफ्टर्स और स्टीयरिंग मोड्स भी दिए गए हैं।

सुरक्षा के लिहाज से Nissan Tekton में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा ABS के साथ EBD, ब्रेक असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स, रियर चाइल्ड लॉक, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, स्पीड सेंसिंग डोर लॉक, इमोबिलाइजर, फॉलो-मी-होम हेडलैंप्स, फ्रंट डिस्क ब्रेक, रोलओवर सेंसर, ऑटोमैटिक हैजर्ड वार्निंग, हाई-टेंसाइल स्टील बॉडी और साइड इम्पैक्ट प्रोटेक्शन बीम्स जैसे कई सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं।
फीचर्स की बात करें तो नई Tekton में एडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, स्टॉप एंड गो फंक्शन, ट्रैफिक साइन रिकग्निशन, पावर्ड टेलगेट, इलेक्ट्रॉनिक शिफ्टर, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, कूलिंग के साथ वायरलेस फोन चार्जर, 360-डिग्री कैमरा, 3D अराउंड व्यू मॉनिटर, Walk Away Lock और Approach Unlock जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

केबिन में डुअल स्क्रीन सेटअप मिलता है, जिसमें Google Built-in सपोर्ट के साथ Google Maps, Google Assistant और Google Play का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट LED लाइटिंग, हाई सेंटर कंसोल, बेहतर स्टोरेज स्पेस और 700 लीटर का बड़ा बूट स्पेस भी दिया गया है। निसान का दावा है कि इसमें 55 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स मिलते हैं, जिनमें रिमोट इंजन स्टार्ट, रिमोट लॉक/अनलॉक, रिमोट AC कंट्रोल, Find My Car और व्हीकल स्टेटस मॉनिटरिंग शामिल हैं।
नई Nissan Tekton के T160 इंजन वाले मॉडल 6 वेरिएंट्स में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 10.49 लाख रुपये से 16.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है। वहीं, T280 इंजन भी 6 वेरिएंट्स में आता है, जिसकी कीमत 14.99 लाख रुपये से 18.59 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है। कंपनी इसे 11 एक्सटीरियर कलर ऑप्शंस (6 मोनोटोन और 5 डुअल-टोन) और 4 इंटीरियर थीम्स के साथ पेश कर रही है। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि 20 जुलाई 2026 से डिलीवरी शुरू होगी।

निसान ग्राहकों को 50 से ज्यादा एक्सेसरी विकल्प, 5 साल का Nissan Care प्रोग्राम, 5 साल की वारंटी (3+2 वर्ष) और 5 साल का मेंटेनेंस पैकेज भी दे रही है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति सुजुकी Grand Vitara, Toyota Hyryder, Honda Elevate, Volkswagen Taigun, Skoda Kushaq और MG Astor जैसी SUVs से होगा।