Nissan Patrol 4X4 एसयूवी को भारतीय बाजार में लाने की तैयारी, जानें डिटेल्स

Nissan की लोकप्रिय एसयूवी Patrol को इस साल के अंत तक भारत में लॉन्च करने पर विचार किया जा रहा है, जो 70 साल से भी ज्यादा समय से मौजूद है

निसान Patrol एक फुल-साइज़ SUV है, जो टोयोटा लैंड क्रूजर 300 को टक्कर देती है। कंपनी इसे भारत में में लाना चाहती है, जिससे उसकी ब्रांड इमेज और मजबूत हो सके। हाल ही में Nissan ने अपनी नई लंबी अवधि की रणनीति के तहत 11 मॉडल्स को बंद करने का फैसला लिया है, लेकिन Patrol को इसमें शामिल नहीं किया गया है। कंपनी ने इसे “Heartbeat” प्रोडक्ट की कैटेगरी में रखा है, यानी यह मॉडल ब्रांड के लिए भावनात्मक रूप से काफी अहम है।

भारत में आने पर यह निसान की सबसे महंगी गाड़ियों में से एक हो सकती है। Nissan के Chief Performance Officer Guillaume Cartier ने कहा कि कंपनी अपने कुछ आइकॉनिक मॉडल्स को भारत में लाने पर विचार कर रही है ताकि शोरूम में उत्साह बढ़ाया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि इसे CBU (Completely Built Unit) के रूप में GSR 870 (E) नियम के तहत इम्पोर्ट किया जा सकता है।

वहीं, Thierry Sabbagh ने कहा कि Nissan Patrol को भारत समेत अन्य बाजारों में लाने के विकल्पों पर काम कर रही है और डीलर्स के साथ इस पर चर्चा भी हो चुकी है। Cartier ने माना कि Nissan X-Trail की ऊंची कीमत भारत में ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन Patrol के मामले में कंपनी कीमत पर कम और बेहतर फीचर्स व वैल्यू देने पर ज्यादा ध्यान दे रही है।

Nissan Patrol (1)

इससे संकेत मिलता है कि Patrol भी महंगी SUV होगी। UAE में इसकी कीमत लगभग 60.85 लाख से 98.89 लाख रुपये (AED 239,900–389,900) के बीच है, जबकि भारत में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) तक हो सकती है। कुछ बाजारों में इसे Nissan Armada के नाम से भी बेचा जाता है और यह फिलहाल अपनी सातवीं जनरेशन में है।

इसमें 3.8-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड और 3.5-लीटर ट्विन-टर्बो V6 पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है। 3.8 लीटर इंजन 316 एचपी की पावर और 386 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। वहीं 3.5 लीटर इंजन 425 एचपी की पावर और 700 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। दोनों इंजन के साथ 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और 4WD सिस्टम स्टैंडर्ड मिलता है। माइलेज लगभग 9.5 km/l से 10.1 km/l तक है।

Nissan Patrol (2)

फीचर्स की बात करें तो Nissan Patrol में एडैप्टिव एयर सस्पेंशन, 22-इंच अलॉय व्हील्स, मोशन कंट्रोल्ड पावर टेलगेट, 8-वे पावर फ्रंट सीट्स (मसाज फंक्शन के साथ), डुअल 14.3-इंच डिस्प्ले, 12.8-इंच रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन, पावर्ड थर्ड-रो सीट्स और 12-स्पीकर Klipsch साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेफ्टी के लिए इसमें ProPILOT, लेन कीप असिस्ट, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग (फ्रंट और रियर), 360-डिग्री कैमरा, डिजिटल IRVM और 7 एयरबैग्स जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं।